बड़ी खबर

कोरोना अपडेट भारतः कुल कोरोना केस हुए 59 लाख, 24 घंटे में आए 85 हजार नए मामले

  • एक्टीव केस 9 लाख 60 हजार
  • 48 लाख से ऊपर मरीज हुए ठीक
  • सर्वाधिक प्रभावित प्रदेश बना महाराष्ट्र

नई दिल्ली। दुनिया में सबसे ज्यादा तेजी से कोरोना संक्रमण भारत में ही फैल रहा है। देश में पिछले 24 घंटों में 85,362 नए कोरोना मामले दर्ज किए गए हैं और 1,089 लोगों की जान भी चली गई है। दो सितंबर से लगातार देश में एक हजार से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। देश में अब कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या 59,03,933 हो गई है। इनमें से 93,379 लोगों की मौत हो चुकी है। एक्टिव केस की संख्या घटकर 9 लाख 60 हजार हो गई और 48 लाख 49 हजार लोग ठीक हो चुके हैं. संक्रमण के एक्टिव केस की संख्या की तुलना में स्वस्थ हुए लोगों की संख्या करीब चार गुना अधिक है।

स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने शुक्रवार को कहा कि 50 लाख से अधिक लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बीच देश ने स्वास्थ सेवाओं के चलते मृत्यु दर ‘न्यूनतम’ और स्वस्थ होने की दर ‘अधिकतम’ बनाए रखने में काफी दक्षता दिखाई है। उन्होंने कहा कि देश में कोविड-19 मरीजों के ठीक होने की लगातार बढ़ रही दर और मृत्यु दर में कमी ने सभी राज्यों द्वारा अपनायी जा रही निषिद्ध रणनीति की कामयाबी को साबित किया है। हर्षवर्धन ने कहा, ‘‘हमने अपनी परीक्षण क्षमता को सफलतापूर्वक बढ़ाया है और आज यह देश भर में फैली 1,800 से अधिक प्रयोगशालाओं के साथ लगभग 15 लाख के उच्च स्तर तक पहुंच गया है।’’

देश में सबसे ज्यादा एक्टिव केस महाराष्ट्र में हैं। महाराष्ट्र लगातार कोरोना की सबसे बुरी मार झेलने वाला राज्य बना हुआ है। महाराष्ट्र में कोविड-19 के एक दिन में 17,794 नये मामले सामने आने से राज्य में संक्रमितों की संख्या शुक्रवार को बढ़कर 13,00,757 हो गई।

एक दिन में 416 और मरीजों की संक्रमण से मौत हो जाने से राज्य में मृतक संख्या बढ़कर 34,761 हो गई. शुक्रवार को 19,592 मरीजों को ठीक होने के बाद छुट्टी दी गई जिससे राज्य में अभी तक ठीक हुए मरीजों की संख्या बढ़कर 9,92,806 हो गई. राज्य में वर्तमान में 2,72,775 मरीजों का इलाज चल रहा है।

दिल्ली में शुक्रवार को कोरोना वायरस के 3,827 नये मामले सामने आए, जिससे राष्ट्रीय राजधानी में संक्रमण के कुल मामले 2.64 लाख से अधिक हो गए, जबकि बीमारी के कारण 24 और लोगों की मौत के साथ मृतकों की संख्या 5,147 हो गयी. अधिकारियों ने यह जानकारी दी। महानगर में संक्रमण के कुल 2,64,450 मामले हैं, जबकि 30,867 मरीजों का इलाज चल रहा है। राष्ट्रीय राजधानी में कुल 2,124 निरूद्ध क्षेत्र हैं।

Share:

Next Post

दिल्ली पुलिस का कारनामा, पकड़ा 160 किलो गांजा, 1 किलो जब्त दिखाया, पेडलर को छोड़ा

Sat Sep 26 , 2020
नई दिल्‍ली। पूरे देश में मुंबई के ड्रग मामले की गूंज हो रही है। रोज नए-नए खुलासे हो रहे हैं। कई बड़ी फिल्मी हस्तियों से इस मामले में एनसीबी लगातार पूछताछ कर रही है। वहीं दिल्ली के जहांगीरपुरी थाने के चार पुलिसकर्म‍ियों की करतूत ने दिल्‍ली पुलिस का चेहरा शर्म से झुका दिया है। इन्‍होंने […]