बड़ी खबर

कोरोना अपडेटः पिछले सात दिनों में रोज एक हजार से ज्यादा मृत्यु

पिछले 24 घंटों में आए 75 हजार नए मामले
नई दिल्ली। कोरोना संक्रमण दुनिया में सबसे ज्यादा तेजी से भारत में ही फैल रहा है। देश में पिछले 24 घंटों में रिकॉर्ड 75,809 नए मामले सामने आए हैं। वहीं 1133 लोगों की जान चली गई है। देश में अब कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 43 लाख के करीब पहुंच गई है। ब्राजील को पछाड़कर भारत दुनिया का दूसरा सबसे ज्यादा कोरोना संक्रमित देश हो गया है। दुनिया में अभी संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले अमेरिका में है, लेकिन हर दिन अमेरिका से दोगुने-तीन गुने कोरोना मामले भारत में मिल रहे हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार, देश में अब कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या 42 लाख 80 हजार हो गई है। इनमें से 72,775 लोगों की मौत हो चुकी है। एक्टिव केस की संख्या 8 लाख 83 हजार हो गई और 33 लाख 23 हजार लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण के सक्रिय मामलों की संख्या की तुलना में स्वस्थ हुए लोगों की संख्या करीब तीन गुना अधिक है।
ICMR के मुताबिक, 7 सितंबर तक कोरोना वायरस के कुल 5 करोड़ 6 लाख सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं, जिनमें से 11 लाख सैंपल की टेस्टिंग कल की गई। पॉजिटिविटी रेट 7 प्रतिशत से कम है। कोरोना वायरस के 54% मामले 18 साल से 44 साल की उम्र के लोगों को हैं लेकिन कोरोना वायरस से होने वाली 51% मौतें 60 साल और उससे अधिक उम्र के लोगों में हुईं हैं।
मृत्यु दर में गिरावट
राहत की बात है कि मृत्यु दर और एक्टिव केस रेट में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। मृत्यु दर गिरकर 1.69% हो गई। इसके अलावा एक्टिव केस जिनका इलाज चल है उनकी दर भी घटकर 21% हो गई है। इसके साथ ही रिकवरी रेट यानी ठीक होने की दर 77% हो गई है। भारत में रिकवरी रेट लगातार बढ़ रहा है।
देश में सबसे ज्यादा एक्टिव केस महाराष्ट्र में हैं। महाराष्ट्र में दो लाख से ज्यादा संक्रमितों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है। इसके बाद दूसरे नंबर पर तमिलनाडु, तीसरे नंबर पर दिल्ली, चौथे नंबर पर गुजरात और पांचवे नंबर पर पश्चिम बंगाल है। इन पांच राज्यों में सबसे ज्यादा एक्टिव केस हैं। एक्टिव केस मामले में दुनिया में भारत का दूसरा स्थान है। कोरोना संक्रमितों की संख्या के हिसाब से भारत दुनिया का दूसरा सबसे प्रभावित देश है। मौत के मामले में अमेरिका और ब्राजील के बाद भारत का नंबर है।

Share:

Next Post

बियर ग्रिल्स के शो में अक्षय कुमार ने पिता को बताया अपना रोल मॉडल

Tue Sep 8 , 2020
अभिनेता अक्षय कुमार जल्द ही डिस्कवरी चैनल के मशहूर शो इनटू द वाइल्ड विद बियर ग्रिल्स में नजर आने वाले हैं। इस शो में अक्षय कुमार खतरों से खेलते नजर आएंगे। अक्षय कुमार इस शो को लेकर बहुत उत्साहित हैं। उन्होंने शो का एक वीडियो इंस्टाग्राम पर फैंस के साथ साझा किया। उन्होंने लिखा-‘जब एक […]