विदेश

द. कोरिया में कोरोना के संक्रमित मरीजों की संख्या 25698 पहुंची


सोल । दक्षिण कोरिया (D. Korea)  में कोरोना वायरस (Corona virus) के शुक्रवार को 155 नए मामले सामने आए जिससे यहां संक्रमित मरीजों (infected patients) की संख्या 25698 पहुंच गयी। नए मामलों में 19 मामले सोल और 98 मामले गेओंगी प्रांत ( Gyeonggi Province ) से सामने आए हैं जबकि 17 मामले देश के बाहर से सामने आए हैं। इस दौरान दो और मरीजों की मौत के साथ ही मृतकों की संख्या 455 हो गयी है। देश में मृतक दर 1.77 फीसदी है। इस बीच 70 और मरीजों को स्वस्थ होने के बाद छुट्टी दी गयी और यहां संक्रमणमुक्त होने वालों की संख्या 23717 पहुंच गयी है। देश में स्वस्थ दर 92.29 फीसदी है। गत तीन जनवरी से देश में अबतक 20 लाख से अधिक लोगों के टेस्ट किए जा चुके हैं।

इस बीच दूसरे दौर की कोरोना महामारी की चपेट में आए फ्रांस, स्पेन, ब्रिटेन और जर्मनी समेत कई यूरोपीय देशों में इस खतरनाक वायरस का कहर तेजी से बढ़ रहा है। इन देशों में रोजाना रिकॉर्ड संख्या में नए संक्रमित मिल रहे हैं। हालांकि कई देशों ने रोकथाम के लिए सख्त कदम उठाए हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रकोप थम नहीं रहा है।

जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के डाटा के अनुसार, फ्रांस में गुरुवार को कोरोना पीडि़तों का आंकड़ा दस लाख के पार हो गया। इस देश में अब तक 34 हजार से ज्यादा पीडि़तों की मौत हुई है। इससे पहले बुधवार को स्पेन में संक्रमित लोगों की संख्या दस लाख के पार हुई थी। इस यूरोपीय देश में कुल 34 हजार से अधिक रोगियों की जान गई है। इधर, ब्रिटेन में भी तेजी से हालात खराब हो रहे हैं। यहां भारतीय मूल के लोगों और दूसरे अल्पसंख्यक समुदायों में उच्च मृत्युदर की समीक्षा के तहत गुरुवार को नए उपायों का एलान किया गया।

जर्मनी के रोग नियंत्रण केंद्र ने बताया कि बीते 24 घंटे में 11 हजार 287 नए मामले पाए गए। इस देश में एक दिन में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में संक्रमित पाए गए हैं। पोलैंड में भी तेजी से संक्रमित बढ़ रहे हैं। यहां के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देशभर में बीते 24 घंटे के दौरान रिकॉर्ड 12 हजार 107 नए मामलों की पुष्टि की गई।

अमेरिका में कोरोना महामारी फिर बढ़ रही है। गत एक सप्ताह से रोजाना औसतन करीब 60 हजार नए मामले पाए जा रहे हैं। मध्य सितंबर में रोजाना औसतन 35 हजार संक्रमित पाए जा रहे थे। मध्य पश्चिम अमेरिका के छह प्रांतों आयोवा, मिनेसोटा, मोंटाना, कंसास, हवाई और विस्कांसिन में नए मामलों में वृद्धि दर्ज की जा रही है। नेपाल में 3,637 नए मामले पाए जाने से संक्रमित लोगों का आंकड़ा करीब डेढ़ लाख हो गया है। यहां 812 पीडि़तों की जान गई है।

इसी तरह से रूस में 15 हजार 971 नए पीडि़त पाए जाने से कोरोना रोगियों की संख्या 14 लाख 63 हजार से अधिक हो गई। अब तक 25 हजार 242 मौत हुई है। ब्राजील में 24 हजार 818 नए रोगी मिलने से पीडि़तों की संख्या 53 लाख हो गई है। इस लैटिन अमेरिकी देश में एक लाख 55 हजार की जान गई है। अर्जेटीना में 18 हजार 326 नए पीडि़त मिलने से मरीजों का आंकड़ा दस लाख 37 हजार से अधिक हो गया है। 27 हजार से ज्यादा की मौत हुई है।

Share:

Next Post

जानियें: मां दूर्गा के सातवें स्‍वरूप देवी कालरात्रि की कथा और मंत्र

Fri Oct 23 , 2020
नवरात्रि के सातवें दिन देवी दुर्गा के कालरात्रि रूप को पूजा जाता है। इनका रूप बड़ा ही विकराल है देवी कालरात्रि का वीभत्स रूप देखते ही बदन में झुरझुरी सी दौड़ जाती है। देवी दुर्गा के छः रूपों का पूजन करने से भक्त का मन “सहस्त्रार चक्र” में स्थित हो जाता है। मन सहस्त्रार चक्र […]