सागर। मध्य प्रदेश के सागर (Sagar mp) के चर्चित पार्षद नईम खान (Councilor Naeem Khan) की अचानक मौत हो गई है। खुद से 44 साल छोटी दुल्हन संग निकाह करने के बाद चर्चा में आए नईम खान को गुरुवार सुबह उनके परिजन बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे थे। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत का असली कारण पता लगाने के लिए पोस्टमॉर्टम कराया गया है और पुलिस को रिपोर्ट का इंतजार है।
नईम खान भाजपा के टिकट पर लाजपतपुरा वार्ड 67 के पार्षद चुने गए थे। बाद में उनकी दुल्हन बनी 23 साल की रेहाना ने उन पर कई गंभीर आरोप लगाए तो पार्टी ने नईम को सस्पेंड कर दिया। सितंबर में नईम विवाद को खत्म करते हुए रेहाना के साथ निकाह कर लिया। वह पहले भी शादीशुदा थे।
गुरुवार 4 दिसंबर को नईम की पहली पत्नी का जन्मदिन था। बताया जा रहा है कि नईम इस मौके पर पहली पत्नी के साथ रहना चाहते थे। इस बीच अचानक उनकी मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए। संदिग्ध परिस्थिति में अचानक हुई इस मौत को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं जाहिर की जा रही हैं। परिजनों की ओर से संदेह जताए जाने के बाद पुलिस ने पोस्टमॉर्टम कराने को कहा।
गोपालगंज थाना प्रभारी राजेंद्र कुशवाहा के मुताबिक केस दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद कुछ स्पष्ट हो पाएगा। नईम खान के पिता अब्दुल सगीर खान ने बेटे की मौत की जांच का आवेदन देते हुए उसकी दूसरी पत्नी रेहाना की भूमिका को संदिग्ध बताया है।.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved