
इंदौर। यहां नंदानगर (Nandanagar) क्षेत्र में आज सुबह एक घर में पति और पत्नी (husband suspected) की लाश मिली है। उनके साथ क्या हुआ, यह स्पष्ट तो नहीं कहा जा सकता, लेकिन पुलिस (Police) को आशंका है कि पति ने पहले पत्नी की हत्या की, उसके बाद अपने मुंह में कपड़ा डालकर फांसी के फंदे पर झूल गया, उनके दो बच्चे भी हैं, पुलिस घटना के बारे में उनसे पूछताछ कर रही है।
यशोदा द्वार के सामने वाली गली में रहने वाले एकनाथ और उसकी पत्नी रोहिणी के शव मिले हैं। एकनाथ का शव घर के बाहर वाले कमरे में पंखे पर लटका हुआ था, जबकि रोहिणी का शव घर के अंदर वाले कमरे में पड़ा हुआ था। मौके पर पहुंचे करीम खान, जयदीप जोशी और फिरोज खान ने बताया कि महिला के एक हाथ की चुडिय़ां टूटी हुई थी, जिससे प्रतित हो रहा है कि मौत से पहले उसने काफी संघर्ष किया होगा। मौके पर पहुंची परदेशीपुरा पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर मौत के कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा, लेकिन ऐसी आशंका है कि पहले रोहिणी की हत्या की गई है और उसके बाद एकनाथ ने मुंह में कपड़ा डालकर आत्महत्या कर ली। रोहिणी की मौत को 6 घंटे से अधिक समय हो गया है, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि रात को ही उसकी मौत हो चुकी थी। उधर रहवासियों ने बताया कि दोनों के 15 और 12 साल के दो बच्चे हैं। सुबह एकनाथ ने दोनों बच्चों को दूध लेने भेजा, बच्चे लौटे तो वह फंदे पर टंगा हुआ था। एकनाथ शेयर मार्केट का काम करता था। मौैके से किसी भी प्रकार का सुसाइड नोट नहीं मिला है, दंपति के मोबाइल पुलिस ने जब्त कर लिए हैं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं कर्जे के चक्कर में दोनों ने आत्महत्या तो नहीं की या फिर दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ तो एकनाथ ने रोहिणी को रात में मार दिया और सुबह बच्चों को दूध लेने भेजकर खुद खुदकुशी कर ली।