
इंदौर। पवित्र अमरनाथ यात्रा (Amarnath Yatra) के लिए मेडिकल प्रमाण पत्र (Medical Certificate) बनवाने हेतु बुधवार सुबह से ही सर सेठ हुकुमचंद्र हॉस्पिटल (लाल अस्पताल) में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। सुबह 6 बजे से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु अस्पताल परिसर पहुंचने लगे, जिससे अस्पताल परिसर में यात्रा को लेकर उत्साह का माहौल नजर आया।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अस्पताल प्रबंधन द्वारा विशेष व्यवस्थाएं की गईं। अस्पताल में अलग-अलग काउंटर बनाए गए ताकि श्रद्धालुओं को लंबी कतारों में अधिक समय तक इंतजार न करना पड़े। इसके साथ ही भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए अतिरिक्त स्टाफ भी तैनात किया गया।
झोनल अधिकारी रूपेंद्र कुमार पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि अमरनाथ यात्रा के लिए मेडिकल कराने आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने बताया कि सीनियर सिटीजन, पत्रकारों और दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए अलग से विशेष व्यवस्था की गई है, जिससे उन्हें प्राथमिकता के आधार पर मेडिकल सुविधा मिल सके।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार मेडिकल जांच का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक निर्धारित किया गया है। इस दौरान डॉक्टरों की टीम द्वारा श्रद्धालुओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है, जिसमें ब्लड प्रेशर, शुगर, हृदय संबंधी जांच सहित अन्य आवश्यक परीक्षण किए जा रहे हैं।
अमरनाथ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। कई श्रद्धालु सुबह जल्दी पहुंचकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। वहीं अस्पताल प्रबंधन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे समय से पहले पहुंचें और आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर आएं, ताकि मेडिकल प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हो सके।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved