
मेरठ। ऑनलाइन गेम (Online games) की बढ़ती लत एक बार फिर जानलेवा साबित हुई है। यूपी के गाजियाबाद (Ghaziabad, UP) में कोरियन गेम की वजह से तीन बहनों की आत्महत्या की घटना के बाद अब मेरठ (Meerut) से पबजी गेम से जुड़ा दर्दनाक मामला सामने आया है। देर रात तक मोबाइल पर पबजी खेल रहे 22 वर्षीय युवक की अचानक तबीयत बिगड़ गई और दिमाग की नस फटने से उसकी मौत हो गई।
खैरनगर गूलर वाली गली निवासी प्रॉपर्टी डीलर फारुक का बेटा मोहम्मद कैफ शुक्रवार रात हेडफोन लगाकर मोबाइल पर पबजी गेम खेल रहा था। परिजनों के अनुसार, रात करीब तीन बजे गेम खेलते समय कैफ अचानक बेड से नीचे गिर पड़ा। जब परिवार को इसकी जानकारी हुई तो उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने बताया कि कैफ का ब्लड प्रेशर 300 के पार पहुंच चुका था। हालत गंभीर होने पर उसे दिल्ली रेफर किया गया, जहां दो दिन तक इलाज चला। रविवार सुबह उपचार के दौरान कैफ की मौत हो गई। डॉक्टरों के मुताबिक, अत्यधिक ब्लड प्रेशर बढ़ने से दिमाग की नस फटना ही मौत का कारण बना।
युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। कैफ के जीजा शाहिद ने बताया कि वह परिवार का इकलौता बेटा था। अचानक हुई इस घटना से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
रात-रातभर मोबाइल पर खेलता था गेम
परिजनों ने बताया कि कैफ को पिछले करीब चार महीनों से ऑनलाइन गेम खेलने की लत लग गई थी। इससे पहले वह सोशल मीडिया के लिए रील बनाता था। पिता फारुक ने बताया कि कैफ मोबाइल पर पबजी खेलने का आदी हो चुका था और अक्सर रात-रातभर गेम खेलता रहता था। कई बार समझाने के बावजूद वह नहीं माना।
यह घटना एक बार फिर ऑनलाइन गेमिंग की लत से होने वाले गंभीर शारीरिक और मानसिक खतरों की ओर इशारा करती है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved