
इंदौर। शहर (City) के तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर चल रहा है। कल दिन के तापमान में गिरावट आई, वहीं रात के तापमान में बढ़त दर्ज की गई। हालांकि दिन और रात दोनों के ही तापमान सामान्य से 3 से 7 डिग्री तक कम बने हुए हैं। शाम से सुबह तक ठंड का अहसास हो रहा है, वहीं दिन में धूप के कारण ठंड से राहत मिल रही है। ऐसा पहली बार हो रहा है, जब लगातार सात रातों तक इंदौर में तीव्र शीतलहर जारी है।
विमानतल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक कल दिन का अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से 3 डिग्री और परसों की अपेक्षा 1 डिग्री कम था। वहीं रात का न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 7 डिग्री कम, लेकिन परसों रात की अपेक्षा 0.6 डिग्री ज्यादा था। इस दौरान हवाओं का रुख उत्तर-पूर्वी रहा। हवाओं की अधिकतम रफ्तार 17 किलोमीटर प्रतिघंटे तक पहुंची। पहली बार दिन का तापमान 28 डिग्री के नीचे आने के कारण दिन में भी हलकी ठंड महसूस होने लगी है। हालांकि धूप से तीखी ठंड से बचाव हो रहा है, लेकिन सूरज ढलते ही ठंडी हवाएं चुभन पैदा कर रही हैं।
हिमालय से आ रही बर्फीली हवाओं से बन रहा इतिहास
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि इंदौर के इतिहास में ऐसा पहली बार हो रहा है, जब नवंबर के पहले पखवाड़े में इतनी ठंड देखने को मिल रही है, वहीं पहली बार ही लगातार सात रातों तक तीव्र शीतलहर की स्थिति भी बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार अगर रात का पारा 10 डिग्री के नीचे होता है और सामान्य से 6.5 डिग्री से ज्यादा-कम होता है तो इसे तीव्र शीतलहर की श्रेणी में रखा जाता है और इंदौर में ऐसा लगातार सात रातों से हो रहा है। वैज्ञानिकों के अनुसार इसका कारण हिमालय से आ रही बर्फीली हवाएं हैं। वहां बर्फबारी और उस ओर से आ रही ठंडी हवाओं के कारण तापमान में लगातार कमी बनी हुई है। आने वाले दिनों में भी ठंड से राहत की उम्मीद नहीं है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved