
नई दिल्ली । केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह (Union Home Minister Amit Shah) ने कहा कि अजित पवार के आकस्मिक निधन से (By sudden demise of Ajit Pawar) मन अत्यंत व्यथित है (Deeply Saddened) ।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दुख जाहिर करते हुए लिखा, “आज एक दुःखद हादसे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और एनडीए के हमारे वरिष्ठ साथी अजित पवार जी को खो देने की सूचना से मन अत्यंत व्यथित है। अजित पवार ने बीते साढ़े तीन दशकों में जिस प्रकार महाराष्ट्र के हर वर्ग के कल्याण के लिए खुद को समर्पित किया, उसे शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। वे जब भी मिलते थे, महाराष्ट्र की जनता के कल्याण संबंधी अनेक विषयों पर लंबी चर्चा करते थे। उनका निधन एनडीए परिवार के साथ ही मेरे लिए भी व्यक्तिगत क्षति है। उन्होंने आगे लिखा, “मैं पवार परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। शोक की इस घड़ी में पूरा एनडीए शोक-संतप्त पवार परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। ॐ शांति शांति शांति।’
उत्तर प्रदेश के सीएम योगी ने कहा, “महाराष्ट्र के बारामती में हुए दुर्भाग्यपूर्ण विमान हादसे में महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार जी एवं अन्य सदस्यों का निधन अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्माओं को सद्गति एवं शोकाकुल परिवार को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति।”
दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, “महाराष्ट्र के माननीय उपमुख्यमंत्री श्री अजित पवार जी के एक दुर्भाग्यपूर्ण विमान हादसे में असामयिक निधन की खबर अत्यंत पीड़ादायक एवं स्तब्ध कर देने वाली है। उनका जाना भारतीय राजनीति, विशेष रूप से महाराष्ट्र के लिए, एक अपूरणीय क्षति है। शोकाकुल परिवारजनों एवं उनके समर्थकों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदनाएँ व्यक्त करती हूँ। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकसंतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति और संबल प्रदान करें। ॐ शांति।”
राजस्थान सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा, “महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार जी की विमान दुर्घटना में निधन की सूचना अत्यंत दुखद और स्तब्धकारी है। एक कुशल प्रशासक, दूरदर्शी नेता और समर्पित जनसेवक के रूप में उन्होंने महाराष्ट्र के विकास एवं जनकल्याण के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया। उनका जाना महाराष्ट्र की राजनीति के लिए एक अपूरणीय क्षति है। इस दुःख की घड़ी में मेरी गहन संवेदनाएँ उनके परिजनों, समर्थकों के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल पवार परिवार को यह असीम पीड़ा सहने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शान्ति!”
पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने अजित पवार के निधन पर दुख प्रकट किया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार और अन्य लोगों की जान लेने वाले निजी विमान दुर्घटना की दुखद खबर से मैं बेहद स्तब्ध और दुखी हूं। मेरी हार्दिक संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें।”
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव ने घटना पर दुख जताते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार जी के विमान दुर्घटना में निधन की खबर बेहद दुखद एवं पीड़ादायक है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति दें।” खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “महाराष्ट्र के बारामती में हुए विमान हादसे में उपमुख्यमंत्री अजित पवार सहित चार लोगों के असामयिक निधन की खबर अत्यंत हृदयविदारक है। दिवंगत आत्माओं को विनम्र श्रद्धांजलि एवं शोकाकुल परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएँ। ॐ शांति”
बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खां ने लिखा, ‘‘बारामती में हुए विमान हादसे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार एवं अन्य लोगों की मौत की खबर अत्यंत पीड़ादायक है। मृतकों के परिजनों एवं उनके शुभचिंतकों के प्रति गहरी संवेदनाएं।’’
महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख ने घटना पर दुख जताते हुए लिखा, “उपमुख्यमंत्री अजित दादा पवार का आज सुबह विमान दुर्घटना में दुखद निधन हो गया। उनके असामयिक निधन की खबर अत्यंत दुखद है। सुबह-सुबह ऐसी खबर सुनना बेहद चौंकाने वाला है। मैं उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। उनके जैसा साहस और कार्य-समर्पण का भाव मिलना असंभव है। उनके जाने से हमने एक जनहितैषी और निर्णायक नेतृत्व खो दिया है। वे सच्चे जनसेवक थे, जिन्होंने सुबह 5 बजे से ही जनता के मुद्दों के लिए अथक परिश्रम किया।” उन्होंने आगे लिखा, “राज्य के गठन में उनके योगदान को महाराष्ट्र सदा याद रखेगा। दादा का असामयिक निधन उनके परिवार और सभी पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए गहरा सदमा है। हम उनके परिवार के शोक में उनके साथ हैं। इस दुःख की घड़ी में, मैं ईश्वर के चरणों में प्रार्थना करता हूं कि पवार परिवार को इस दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।”
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved