
इंदौर। दिल्ली एम्स की टीम भोपाल जाकर एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा का दोबारा पोस्टमार्टम करेगी। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने ट्विशा के परिजनों की याचिका पर सुनवाई करते हुए दोबारा पोस्टमार्टम की बात कही है। वहीं, उसका पति भी सरेंडर करने के लिए तैयार हो गया है। आरोपी के वकील ने हाईकोर्ट में यह जानकारी दी और अग्रिम जमानत की याचिका वापस ले ली। 12 मई की रात ट्विशा की मौत के बाद से उसका पति फरार है। ट्विशा शर्मा के परिवार के सदस्यों ने बताया कि मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने उनके दूसरे पोस्टमॉर्टम की अनुमति दे दी है। कोर्ट ने पोस्टमार्टम के लिए दिल्ली एम्स की टीम को भोपाल भेजने के लिए कहा है।
ट्विशा शर्मा की सास गिरिबाला सिंह और ट्विशा के भाई के बीच बातचीत का एक ऑडियो वायरल हो रहा है। इस ऑडियो पर ट्विशा शर्मा के भाई मेजर हर्षित शर्मा ने कहा, “इसमें सिर्फ सच है। इसमें कोई झूठ नहीं है। उन्होंने सच में वो बातें कही थीं, अच्छी बात ये थी कि वो रिकॉर्ड पर थीं। वो सच में गिरिबाला सिंह और मेरे बीच की बातचीत थी। उनकी मौसी, बड़े भाई, मेरे बड़े भाई और मेरी मां कमरे में मौजूद थे।” इस बीच मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने पूर्व जज गिरिबाला सिंह को उनकी अग्रिम जमानत रद्द करने की मांग वाली याचिकाओं पर नोटिस जारी किया है। गिरिबाला सिंह को निचली कोर्ट से मिली जमानत पर सोमवार को सुनवाई होगी। मध्यप्रदेश सरकार ने उनकी जमानत रद्द करने की याचिका लगाई थी।
मेजर हर्षित ने कहा, “बहुत सारी बुरी बातें कहीं गईं, जो उस समय मेरी समझ से बाहर थीं। मैं उन्हें वहीं चैलेंज कर रहा था। लेकिन वे एक जज हैं और उन्हें चैलेंज सुनने की आदत नहीं है। तो, उन्होंने सीधे कहा, “ये लड़का मुझसे ये बातें कैसे कह सकता है? क्या तुम मुझसे क्रॉस-क्वेश्चन कर रहे हो?” मैंने बस उन्हें बताया कि मैं ट्विशा का भाई होने के नाते, ट्विशा की सास से बात कर रहा हूं और इसलिए मैं उन्हें चैलेंज नहीं कर रहा हूं। ये एक नॉर्मल बातचीत थी और मैं इस पर उसकी राय जानना चाहता था। वो अपनी बात पर अड़ी रहीं और उन्हें इसमें कुछ भी गलत नहीं लगा। ये बहुत हैरानी की बात थी।”
मध्य प्रदेश सरकार ने इस मामले में सीबीआई जांच की सिफारिश की है। इस पर मेजर हर्षित शर्मा ने कहा, “यह एक निष्पक्ष जांच की ओर पहला कदम है, जिसकी हम मांग कर रहे थे। यह एक महत्वपूर्ण डेवलपमेंट है। उम्मीद करते हैं कि होम मिनिस्ट्री थोड़ा पहले शामिल होगी और जल्द से जल्द फैसला लिया जाएगा। शुरू से ही, हम निष्पक्ष जांच और न्याय के लिए लड़ रहे थे। यह हम सभी की लड़ाई है। ट्विशा के दोस्त, उससे जुड़े लोग, हम सभी। यह हम सभी की जीत है। यह एक छोटी सी जीत है लेकिन लड़ाई अभी भी जारी है।”
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved