
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली और मुंबई (Mumbai) में धमाकों की साजिश को सुरक्षा एजेंसियों ने नाकाम कर दिया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल (Delhi Police Special Cell) ने कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध आतंकियों (Suspected terrorists) को महाराष्ट्र (Maharashtra) से गिरफ्तार किया है। दोनों की पहचान मोसाब अहमद और मोहम्मद हमाद कालरा के रूप में हुई है, जो कथित तौर पर आतंकी संगठनों से जुड़े हुए थे।
दोनों आरोपियों को महाराष्ट्र के कल्याण और कुर्ला इलाके से पकड़ा गया। जांच में सामने आया है कि ये संदिग्ध पाकिस्तान आधारित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (Jaish-e-Mohammed) के एक हैंडलर के संपर्क में थे और इस्लामिक स्टेट से भी जुड़े हुए थे।
संयुक्त ऑपरेशन में मिली बड़ी सफलता
सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मुंबई आतंकवाद-रोधी दस्ते के साथ मिलकर यह कार्रवाई की। रविवार को चलाए गए इस ऑपरेशन में दोनों संदिग्धों को दबोचा गया। उनके पास से मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
ऑनलाइन सीखी बम बनाने की तकनीक
जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपियों ने इंटरनेट के जरिए खिलौना बम बनाने का तरीका सीखा था। वे दिल्ली और मुंबई जैसे बड़े शहरों में धमाके करने की योजना बना रहे थे। इसके अलावा वे ‘मिशन खिलाफत’ और ‘सोल्जर ऑफ प्रॉफेट’ जैसे कट्टरपंथी समूहों से भी जुड़े हुए थे।
कट्टरपंथ फैलाने और भर्ती में थे सक्रिय
पुलिस के अनुसार, दोनों संदिग्ध भारत में युवाओं को कट्टरपंथ की ओर धकेलने और उन्हें आतंकी संगठनों से जोड़ने का काम कर रहे थे। वे भड़काऊ सामग्री के जरिए युवाओं को प्रभावित कर भर्ती कराते थे और आतंकी एजेंडे को आगे बढ़ाने की कोशिश में थे।
पाकिस्तान-अफगानिस्तान कनेक्शन की जांच जारी
जांच एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि आरोपियों को हथियार और अन्य मदद पाकिस्तान व अफगानिस्तान के जरिए कैसे मिल रही थी। फिलहाल दोनों से पूछताछ जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved