
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) और उनकी मां (Mother) से जुड़े AI वीडियो के मामले में दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने कार्रवाई तेज कर दी है। दिल्ली पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस स्पेशल सेल ने बिहार कांग्रेस (Bihar Congress) को नोटिस जारी किया है। संबंधित वीडियो कांग्रेस के बिहार के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल @INCBihar से पोस्ट किया गया था। जांच के सिलसिले में स्पेशल सेल की टीम पटना पहुंची और बिहार कांग्रेस मुख्यालय ‘सदाकत आश्रम’ के बाहर नोटिस चस्पा किया।
पुलिस इस मामले में इस्तेमाल किए गए एक मोबाइल नंबर की भी जांच कर रही है। यह नंबर बिहार कांग्रेस से जुड़ा बताया जा रहा है। नोटिस में अमित कुमार मंडल को विशेष रूप से तलब किया गया है।
5 नवंबर को दिल्ली में पेश होने का निर्देश
दिल्ली पुलिस ने अमित कुमार मंडल को 5 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे नई दिल्ली के भरत नगर, न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित काउंटर इंटेलिजेंस स्पेशल सेल के कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया है। पुलिस ने उन्हें जांच के लिए जरूरी दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण साथ लाने को कहा है।
सिम कार्ड और इस्तेमाल किए गए फोन मांगे
नोटिस के मुताबिक, अमित कुमार मंडल को संबंधित मोबाइल नंबर का सिम कार्ड और 1 जुलाई 2025 से अब तक उस नंबर के साथ इस्तेमाल किए गए सभी मोबाइल हैंडसेट लेकर आने होंगे। इसके अलावा पुलिस ने @INCBihar के आधिकारिक इस्तेमालकर्ता का नाम भी मांगा है।
जांच एजेंसी ने 1 जुलाई 2025 से 31 दिसंबर 2025 तक इस एक्स अकाउंट को संचालित करने के लिए अधिकृत सभी लोगों की सूची उपलब्ध कराने को भी कहा है। पुलिस इन जानकारियों के जरिए वीडियो पोस्ट किए जाने और सोशल मीडिया अकाउंट के संचालन से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved