
भोपाल। सागर जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दर्ज किए जा रहे अपराधिक प्रकरणों की पड़ताल करने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह शनिवार को कानून विशेषज्ञों की फौज लेकर सागर जाएंगे। उनके साथ अधिवक्ता शशांक शेखर के नेतृत्व में वकीलों का एक दल भी सागर जाएगा। दिग्विजय सिंह सागर जिले में विभिन्न स्थानों पर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर हुए अत्याचार, उनके खिलाफ दर्ज किए गए झूठे मुकदमे और अन्य अत्याचार का जमीनी मुआयना करेंगे और उन्हें हर संभव मदद देने के लिए कार्यवाही शुरू करेंगे। वे पीडि़त कांग्रेस कार्यकर्ताओं के परिवारों से मुलाकात करेंगे।
कांग्रेसियों पर दमन के आरोप
सागर जिले के विभिन्न स्थानों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमे दर्ज करके उन्हें जेल भेज देना, उनके मकानों पर बुलडोजर चला देना, कांग्रेस समर्थक व्यक्तियों पर पुलिस और प्रशासन के अत्याचार करना आम बात हो गई है। कमलनाथ ने टीम को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जो पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भाजपा के एजेंट की तरह काम कर रहे हैं और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर अत्याचार कर रहे हैं, उनकी सूची भी तैयार की जाए, ताकि जनता यह जान सके कि कौन से अधिकारी संविधान और कानून के मुताबिक काम कर रहे हैं और कौन से अधिकारी जेब में भाजपा का बिल्ला लगाकर काम कर रहे हैं।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved