
लसूड़िया क्षेत्र की पाश कालोनी में हुई घटना…बड़ी बेटी अमेरिका में ही रहती है, उसी ने पीजी की, जिसकी सेरेमनी का सेलिब्रेशन था
इन्दौर। लसूड़िया (Lasudiya) इलाके की एक पॉश कॉलोनी में ट्रांसपोर्टर (Transporter) और उनकी पत्नी (Wife) के बीच खुशियों के पल की सेरेमनी मनाने अमेरिका (US) जाने की बात को लेकर रात को बहस हुई और इसी बहस में ट्रांसपोर्टर इतने आवेश में आ गए कि उन्होंने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मारकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि आज दोपहर 1 बजे जाने अमेरिका की उनकी प्लाइड थी। घटना की जानकारी के बाद पुलिस तफ्तीश कर रही है।
लसूड़िया पुलिस ने बताया कि 62 साल के सुधीर पिता राजमल पाटिल निवासी शांति निकेतन बांबे अस्पताल के पीछे के शव का एमवाय अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। सुधीर का भंवरकुआं इलाके में ट्रांसपोर्ट का काम था। उनके दो बेटे और एक बेटी हैं। बेटी अमेरिका में ही पति के साथ रहती है। बेटी ने बीते दिनों पोस्ट ग्रेजुएट की थी, जिसकी आने वाले दिनों में सेरेमनी अमेरिका में मनाई जाने वाली थी। इसे लेकर सुधीर और उनकी पत्नी को अमेरिका जाना था। अमेरिका की फ्लाइट के टिकट भी बुक करा लिए गए थे। कल रात को अचानक सुधीर ने जाने से इनकार कर दिया। उधर, पत्नी अमेरिका जाने की तैयारी कर रही थी। वह बैग में कपड़े और अन्य सामान भर रही थी, लेकिन सुधीर जाना नहीं चाहते थे। दोनों के बीच इसी बात को लेकर तीखी बहस हुई। बाद में सुधीर की पत्नी ने कहा कि वह ही बच्चों के साथ अमेरिका चली जाएगी। तीखी बहस के बीच सुधीर ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर ली और खुद की कनपट्टी में रखकर ट्रिगर दबा दिया और आत्महत्या कर ली। अस्पताल ले जाने के कुछ देर बाद डॉक्टरों ने सुधीर को मृत बता दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और तफ्तीश शुरू कर दी।