कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर स्थित जिला महिला अस्पताल डफरिन (District Women’s Hospital Dufferin) में हिजाब को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। इलाज कराने पहुंची एक मुस्लिम महिला (Muslim women) ने अस्पताल के डॉक्टरों और सुरक्षा कर्मियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि उससे चेहरे से हिजाब हटाने के लिए कहा गया। महिला का कहना है कि हिजाब (Hijab) न हटाने पर उसे उपचार देने से मना कर दिया गया।
घटना के बाद महिला ने अपनी आपबीती का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जो तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
वीडियो में महिला कहती है कि वह अस्पताल में काफी देर तक इंतजार करती रही, लेकिन बाद में उससे कहा गया कि हिजाब हटाए बिना दवाई नहीं दी जाएगी। महिला ने सवाल उठाया कि यदि पहचान के लिए मास्क हटाने की बात कही जाए तो समझ आता है, लेकिन हिजाब हटाने की मांग क्यों की जा रही है।
वहीं, मामले को लेकर अस्पताल प्रशासन ने अपना पक्ष भी रखा है। अस्पताल की प्रमुख अधीक्षक डॉ. रुचि जैन ने कहा कि संबंधित महिला उनके पास शिकायत लेकर नहीं पहुंची थी। उन्होंने बताया कि महिला अस्पताल होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सावधानी बरती जाती है। नवजात शिशुओं की सुरक्षा के मद्देनजर कई बार पहचान सुनिश्चित करने के लिए चेहरे को स्पष्ट रखने की आवश्यकता होती है।
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि किसी भी अप्रिय स्थिति में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहचान जरूरी होती है, इसलिए सुरक्षा के लिहाज से ऐसी प्रक्रिया अपनाई जाती है। फिलहाल मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved