
कटिहार । लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी (Leader of Opposition in Lok Sabha Rahul Gandhi) ने वोटर अधिकार यात्रा के दौरान (During the Voter Rights Yatra) कटिहार में मखाना किसानों से मिलकर उनकी समस्याएं जानीं (Met Makhana Farmers in Katihar and learned about their Problems) । कांग्रेस के नेता राहुल गांधी की यात्रा शनिवार को भागलपुर के नवगछिया से शुरू हुई।
यात्रा जब कटिहार के कोढ़ा विधानसभा क्षेत्र में पहुंची, तब वे स्थानीय मखाना किसानों से मिले । इस दौरान वे किसानों के साथ तालाब में भी उतरे और मखाना निकाला । इस क्रम में उन्होंने किसानों से मखाना के तैयार होने की पूरी प्रक्रिया की भी जानकारी ली । राहुल ने किसानों की समस्याओं को भी जाना। इस क्रम में उनके साथ बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश राम भी थे।
राहुल गांधी यात्रा के दौरान लगातार लोगों से मिल रहे हैं। भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस पहले से ही पूरी तरह से अलर्ट हैं। वोटर अधिकार यात्रा के सातवें दिन की शुरुआत आज नवगछिया से हुई है। यह यात्रा आज कटिहार से डुमर, भोला पासवान चौक, कोढ़ा होते हुए हसनगंज रोड, टिलास गाँव होते हुए पूर्णिया पहुंचेगी।
इस यात्रा में बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव के साथ महागठबंधन में शामिल अन्य घटक दलों के नेता भी शामिल हो रहे हैं। बिहार में गहन मतदाता पुनरीक्षण के खिलाफ जारी इंडिया ब्लॉक की वोटर अधिकार यात्रा के तीसरे चरण में कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी भी शामिल होंगी। वे दो दिन 26 और 27 अगस्त को इस यात्रा से जुड़ेंगी।
बता दें कि राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा 17 अगस्त को बिहार के सासाराम से शुरू हुई है। इस यात्रा में इंडिया ब्लॉक में शामिल राजद के नेता तेजस्वी यादव सहित घटक दलों के सभी नेता भी शामिल हैं। 16 दिन की यह यात्रा लगभग 20 जिलों से होकर गुजरेगी और 1,300 किलोमीटर का सफर पूरा करेगी। एक सितंबर को पटना में बड़ी रैली के साथ यात्रा का समापन होगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved