इंदौर। भारतीय जनता पार्टी की इंदौर शहर और जिला इकाई के अध्यक्ष को कार्यभार ग्रहण करने का समारोह 12 फरवरी को आयोजित करने की कोशिश की जा रही है, इसके एक दिन पूर्व 11 फरवरी को भाजपा कार्यालय पर अखंड रामायण पाठ करवाने की भी तैयारी की जा रही है। भाजपा के दोनों नवनियुक्त अध्यक्ष कब पदभार ग्रहण करेंगे, इसे लेकर असमंजस बना हुआ है। हमेशा तो अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद तत्काल ही दो-चार दिन के अंदर पदभार ग्रहण करने का कार्यक्रम आयोजित कर लिया जाता है। इस कार्यक्रम में पार्टी के शहर और जिला इकाई के सभी जनप्रतिनिधि तथा प्रमुख नेता भाग लेते हैं।
इस बार दोनों अध्यक्षों की नियुक्ति बड़ी रस्साकशी के बीच पूरे प्रदेश में सबसे अंत में जाकर हुई । यह दोनों अध्यक्ष भाजपा की अंदरूनी राजनीति में जिस गुट का प्रतिनिधित्व करते हैं उस गुट में भी अपना अध्यक्ष आ जाने के बावजुद उत्साह की स्थिति नहीं है। यही कारण है कि इस बार अब तक अध्यक्ष के कार्यभार ग्रहण करने के समारोह को आयोजित करने के लिए कोई माहौल नहीं बन पा रहा है।कल शनिवार से भाजपा के कार्यालय में यह चर्चा शुरू हो गई है कि दोनों नए अध्यक्षों का पदभार ग्रहण समारोह 12 फरवरी को आयोजित किया जा सकता है।
इसके साथ यह तय किया गया है कि पदभार ग्रहण करने के कार्यक्रम के एक दिन पहले भाजपा कार्यालय पर अखंड रामायण पाठ बैठाया जाए। नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा और जिलाध्यक्ष श्रवण चावड़ा का मानना है कि पहले पूजा-पाठ कर ली जाएं और कार्यभार ग्रहण कर लिया जाएं, ताकि संगठन की आने वाली गतिविधियों को कार्यालय में बैठकर संचालित किया जा सके। इसके लिए 11 फरवरी को रामायण पाठ शुरू कराया जाता है तो पाठ 24 घंटे तक चलेगा। जब यह पाठ पूरा होगा तो उसकी आरती के साथ दोनों नए अध्यक्षों को कार्यभार ग्रहण करवाने का काम किया जाएगा। हालांकि उनके समर्थक और दोनों अध्यक्ष भी चाह रहे हैं कि औपचारिक रूप से एक बड़ा कार्यक्रम हो, जिसमें शहर के बड़े नेताओं के साथ प्रदेश से कोई बड़ा नेता आएं।
मुख्यमंत्री को भी देंगे न्यौता
दोनों अध्यक्षों के कार्यभार ग्रहण करने के कार्यक्रम में भाग लेने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव को भी न्योता दिया जाएगा, लेकिन उन्होंने अभी अपना समय नहीं दिया है। इंदौर में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय हैं ही और सभी विधायक के साथ सांसद भी रहेंगे। अभी सबका एक समय नहीं मिल पाने की वजह से कार्यभार ग्रहण की तारीख तय नहीं हो पा रही है। वहीं 13 और 14 फरवरी को पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के बेटे की शादी भी हंै, जिसमें इंदौर सहित प्रदेश के नेता भी रहेंगे, इसलिए अब 14 फरवरी के बाद ही कार्यभार का कार्यक्रम होने की संभावना नजर आ रही है। तब तक तो दोनों अध्यक्ष कुर्सी पर बैठे बिना ही पार्टी की गतिविधि संचालित करेंगे।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved