
भोपाल। दिल्ली और गुजरात (Delhi and Gujarat) के बाद अब मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) में भी ईद के अवकाश में संशोधन कर दिया गया है। मध्यप्रदेश शासन ने 27 मई के बजाए 28 मई को ईद का अवकाश घोषित किया है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से सोमवार को जारी आदेश में कहा गया है कि 27 मई को सरकारी कार्यालय खुले रहेंगे।
सरकार ने जारी किया आदेश
राज्य शासन ने जो संशोधित अधिसूचना जारी किया है, उसमें कहा गया है कि अब दिनांक 27 मई 2026 दिन बुधवार को घोषित ईदुज्जहा के अवकाश के स्थान पर दिनांक 28 मई दिन गुरुवार को निगोशिएबल इन्स्ट्रूमेंट एक्ट की धारा 25 के अधीन सार्वजनिक व सामान्य अवकाश घोषित किया जाता है। इस अधिसूचना में ये भी लिखा है कि दिनांक 27 मई को निर्धारित समयानुसार समस्त कार्यालय खुले रहेंगे।
28 को मनाई जाएगी ईद
दरअसल, इदुज्जुहा बकरीद के अवकाश को लेकर बैंक कर्मचारियों ने मध्यप्रदेश सरकार से तिथि संशोधन की मांग की थी। बैंक कर्मचारियों ने अपनी मांग में ये कहा था कि जिस तरह से दिल्ली और गुजरात में सरकारों ने छुट्टी की तारीख में संशोधन किया है, ठीक उसी तरह से मध्यप्रदेश में भी ईद का अवकाश परिवर्तित किया जाए, जिससे ईद के दिन ही छुट्टी घोषित हो हो सके। इस संबंध में मध्यप्रदेश के बैंक कर्मियों के संगठन ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को चिट्ठी भी लिखी थी। भारत में ईद का चांद ना दिखने के कारण इस बार ईदुज्जहा 28 मई को मनाया जा रहा है और मध्य प्रदेश सरकार ने इसी दिन ईद का सरकारी अवकाश घोषित कर दिया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved