
दुबई। दुबई में रह रहे आठ वर्षीय भारतवंशी (Indian descent) अरमान नायक (Armaan Nayak) ने विश्व कीर्तिमान (world record) स्थापित कर दिया है। 14 दिसंबर, 2012 को ओडिशा में पैदा हुए नायक ने 15 अगस्त को दुनिया के सभी 195 देशों की राजधानी और महाद्वीपों के नाम बता कर यह कीर्तिमान स्थापित किया है।
अरमान ने संयुक्त राष्ट्र द्वारा मान्यताप्राप्त सभी देशों और उनकी राजधानियों के नाम फटाफट अंदाज में पांच मिनट सात सेकंड में बता दिया। ओएमजी रिकॉर्ड बुक ने दुबई में तीसरी कक्षा में पढ़ रहे अरमान की प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए इसे 2021 के अपने संस्करण में स्थान दिया है।
यह रिकॉर्ड 15 अगस्त को एक लाइव वर्चुअल कार्यक्रम में संयुक्त अरब अमीरात के समयानुसार दोपहर बाद 2:30 बजे और भारतीय समय के अनुसार शाम 4 बजे दर्ज किया गया। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण फेसबुक, यूट्यूब और लिंक्डइन से किया गया।
अरमान के विश्व कीर्तिमान की यात्रा उसके अभिभावकों की मदद से 12 महीने पहले शुरू हुई थी। उसके पिता सौम्या रंजन नायक अमीरात ग्लोबल एल्युमीनियम में वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं, जबकि मां महाश्वेता महापात्रा एक सिविल इंजीनियर हैं।
अरमान जब चार वर्ष का था तब 2017 में दुबई आया था। वह भारत में नागरिक उड्डयन विभाग में अपना करियर बनाना चाहता है। वह भारतीय वैज्ञानिक डॉ. सतीश धवन और डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम से बेहद प्रभावित है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved