
इन्दौर। एक ओर कांग्रेस जहां अपने पक्ष में मतदान के परिणाम आने का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर भाजपा भी परिणाम को लेकर कह रही है कि वे फिर से अपनी सरकार बनाने जा रही है। इसी को लेकर भाजपाई भी उत्साहित हैं। मतगणना वाले दिन 3 दिसम्बर को एक विशाल स्क्रीन भाजपा कार्यालय पर लगाकर परिणाम दिखाए जाएंगे। इसके साथ ही अंदर ही अंदर जश्न की तैयारी भी की जा रही है।
फिलहाल नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे तेलंगाना में चुनाव प्रचार संबंधी बैठकें ले रहे हैं। उनके आने के बाद ही मतगणना के दिन क्या किया जाना है, इसको लेकर तैयारियां की जाएंगी। फिलहाल तो भाजपा की गतिविधि ही ठप्प पड़ी हुई है। सालभर कार्यकर्ताओं की आवाजाही से आबाद रहने वाले भाजपा कार्यालय में इस बार मतदान के बाद वीरानी छाई हुई है। एक दिन पहले जरूर नगर कार्यकारिणी के पदाधिकारियों की एक अनौपचारिक बैठक रखी थी, लेकिन उसका कोई मतलब नहीं निकला। अब मतगणना वाले दिन की तैयारियों को लेकर फौरी तौर पर चर्चा चल रही है। इस दिन भाजपा कार्यालय दीनदयाल भवन के नीचे कार्यकर्ताओं को परिणाम दिखाने के लिए एक बड़ी स्क्रीन लगाने की तैयारी की जा रही है, वहीं प्रत्याशियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम भी रखा जाने वाला है, जो 30 नवम्बर से 2 दिसम्बर के बीच होगा। भाजपाइयों का दावा है कि इस बार भी चुनाव परिणाम उनके पक्ष में रहेंगे और इसके जश्न की भी तैयारियां की जा रही हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved