
उज्जैन। आज से लगभग 4 साल पहले नगर निगम ने दौलतगंज सब्जी मंडी की 59 दुकानें तोड़कर परिसर को समतल कर दिया था। यहाँ के सब्जी व्यवसायियों को आर्य समाज मार्ग स्थित 18 साल पहले बनी नई सब्जी मंडी में स्थापित करना था, वहीं तोड़ी गई सब्जी मंडी परिसर में नगर निगम द्वारा नया कमर्शियल काम्पलेक्स बनाया जाना था। अभी तक न तो व्यवसायी आर्य समाज मार्ग वाली सब्जी मंडी में शिफ्ट हो पाए हैं और न ही काम्प्लेक्स निर्माण को लेकर कोई प्रक्रिया आगे बढ़ सकी है।
डेढ़ दशक से हो रही जर्जर
आर्य समाज मार्ग स्थित सब्जी मंडी को लगभग डेढ़ दशक पहले नगर निगम ने बनवाया था। इस पर 1 करोड़ 40 लाख रुपए की राशि खर्च की गई थी। सब्जी मंडी के भवन में तकनीकी खामियों के चलते हर साल बरसात में इसके बेसमेंट में पानी भर जाता है। इसी के चलते दौलतगंज मंडी के सब्जी व्यवसायी यहाँ शुरुआत से ही आने से इंकार करते रहे हैं। इस समस्या के अलावा दूसरी बड़ी शिकायत व्यवसायियों की यह रही है कि इस सब्जी मंडी तक पहुँचने के मार्ग भी संकरे हैं। नगर निगम का बोर्ड कई प्रयास के बावजूद इसे आबाद नहीं करा पाया और सदन में इसे डिस्मेंटल करने का प्रस्ताव भी रखा गया था। अभी तक इस बारे में भी कोई निर्णय नहीं हो पाया है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved