
मुंबई। लोकसभा चुनाव 2024 में मतों की गणना मंगलवार (4 जून) को होनी है। हालांकि, वोटों की गिनती से पहले ही कई नेता और उनके समर्थक अपनी जीत तय मान चुके हैं। महाराष्ट्र की कल्याण लोकसभा सीट पर भी एनडीए गठबंध के नेताओं का यही हाल है। यहां श्रीकांत शिंदे की जीत के पोस्टर लग चुके हैं। लोकसभा चुनाव के नतीजों से पहले ही कल्याण लोकसभा क्षेत्र में श्रीकांत शिंदे की जीत के बैनर लगा दिए गए हैं। राष्ट्रवादी अजीत पवार गुट के पदाधिकारी ने डोंबिवली में श्रीकांत शिंदे को जीत की बधाई देते हुए बैनर लगाया है।
लोकसभा चुनाव के नतीजे आने से कुछ ही घंटे पहले ही कल्याण लोकसभा क्षेत्र के डोंबिवली में कोपर ब्रिज के पास शिवसेना शिंदे गुट के उम्मीदवार श्रीकांत शिंदे की जीत के बैनर लगाए गए हैं। यह बैनर एनसीपी अजित पवार गुट के पदाधिकारी सुरेश जोशी ने लगाया है। इस बैनर में भारी बहुमत से सांसद पद पर निर्वाचित होने पर श्रीकांत शिंदे को बधाई दी गई है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बेटे श्रीकांत की जीत को लेकर कार्यकर्ता आश्वस्त हैं। कल्याण लोकसभा क्षेत्र में प्रत्याशियों के साथ-साथ कार्यकर्ता भी अब परिणाम को लेकर काफी उत्सुक हैं। नतीजे आने में कुछ ही घंटे बचे हैं और श्रीकांत शिंदे की जीत का बैनर लग चुका है। यह बैनर इस समय सभी का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved