मुंबई। उत्तर मुंबई की चारकोप पुलिस (Charkop Police) ने गुरुवार को एक महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस महिला पर शादीशुदा व्यक्ति से 1 करोड़ रुपये की उगाही का आरोप है। महिला पर आरोप है कि उसने व्यक्ति के खिलाफ रेप (Rape) का झूठा मामला दर्ज कराया और उसे लगभग एक महीने तक जेल में रखा। अब महिला ने व्यक्ति के खिलाफ रेप का मामला वापस लेने के बदले में यह रकम मांगी। महिला उस शख्स की पूर्व प्रेमिका बताई जा रही है।
दुष्कर्म का मामला और उगाही का आरोप
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, शिकायतकर्ता एक निजी कंपनी में सेल्स मैनेजर के रूप में काम करता था। उसको 10 नवंबर 2023 को रेप और धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार किया गया था। वह 13 दिसंबर 2023 को जमानत पर रिहा हुआ। पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता 2013 से शादीशुदा है और आरोपी महिला को 2012 से जानता है। इतना ही नहीं, दोनों सहमति से छह साल तक रिलेशनशिप में भी रहे थे।
जमानत के बदले 1 करोड़ की मांग
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उसकी जमानत याचिका पर सुनवाई से पहले, महिला ने उसकी बहन से संपर्क कर 1 करोड़ रुपये की मांग की। इसके अलावा, महिला ने उसकी कंपनी के एचआर विभाग से शिकायत की, जिसके कारण उसे नौकरी से निकाल दिया गया।
डिजिटल डेटा तक पहुंच और धमकी
पुलिस ने बताया कि महिला ने शिकायतकर्ता के इंटरनेट अकाउंट्स में अपने दो मोबाइल नंबर जोड़े, जिससे उसे उसकी लोकेशन, बैंकिंग लेन-देन और निजी तस्वीरों की जानकारी मिल गई। मई 2023 में, शिकायतकर्ता को महिला के नंबर से एक धमकी भरा संदेश मिला, जिसमें लिखा था, “तू जीतेगा नहीं। दर्द से मरेगा। पैसे दे या जेल में मर।”
न्यायालय के आदेश पर मामला दर्ज
महिला के लगातार दबाव और धमकियों से परेशान होकर, शिकायतकर्ता ने बोरिवली कोर्ट में निजी शिकायत दर्ज कराई। कोर्ट ने चारकोप पुलिस को मामला दर्ज करने और जांच करने का आदेश दिया। चारकोप पुलिस ने महिला, उसके भाई, एक दोस्त और एक प्राइवेट बैंक कर्मचारी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।

©2026 Agnibaan , All Rights Reserved