
मंडी प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी, घंटों विरोध करते रहे परेशान किसान
इंदौर। गेहूं बेचने के 20 दिन बाद भी पेमेंट नहीं मिलने से आक्रोशित किसानों ने आज सुबह छावनी मंडी (Chhawni Mandi) में हंगामा कर दिया। उन्होंने मंडी प्रशासन (mandi administration) के खिलाफ नारेबाजी भी की। मामला गरमाता देख मंडी प्रशासन (mandi administration) के अधिकारियों के साथ पुलिस के जवान भी पहुंचे हैं। सूत्रों के अनुसार जिले के 40 से अधिक किसानों से छावनी अनाज मंडी की जयालक्ष्मी फूड ने लाखों रुपए से अधिक का माल खरीदा था। पिछले कई दिनों से किसान बकाया पेमेंट की मांग कर रहे हैं, लेकिन फर्म द्वारा गेहूं निर्यात पर लगाई गई रोक की आड़ में किसानों को पेमेंट देने में टालमटोल की जा रही है। इसको लेकर किसान संगठनों द्वारा भी विरोध जाहिर करने के साथ ही मंडी सचिव को भी बताया जा चुका है, फिर भी अभी तक पेमेंट नहीं मिला है। आक्रोशित किसानों के सब्र का बांध टूट गया और उन्होंने आज सुबह मंडी पहुंचकर हंगामा कर दिया। अधिकारियों द्वारा किसानों को समझाने के साथ ही बकाया फर्म से जल्द से जल्द किसानों का भुगतान कराने पर जोर दिया जा रहा है।

एक करोड़ से ज्यादा बकाया…नकद भुगतान की मांग
छावनी अनाज मंडी की जयालक्ष्मी फर्म पर किसानोंं के 1 करोड़ से अधिक रुपए बकाया हैं। मंडी प्रशासन द्वारा इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है, जिससे व्यापारियों के हौसले बुलंद हो गए हैं। किसानों की मांग है कि जिस तरह प्रदेश की दूसरी मंडियों में नकद भुगतान किया जा रहा है, उसी तरह इंदौर में भी नकद भुगतान किया जाए।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved