
रायसेन । रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Defence Minister Rajnath Singh) ने कहा कि किसान सिर्फ अन्न नहीं उगाता (Farmers not only grow Food), बल्कि पूरी अर्थव्यवस्था को मजबूत करता है (But also strengthen the Entire Economy) । राजनाथ सिंह ने उन्नत कृषि महोत्सव का शुभारंभ किया ।
मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में स्थित दशहरा मैदान में शनिवार से उन्नत कृषि महोत्सव 2026 की शुरुआत बड़े उत्साह के साथ हो गई है। यह आयोजन 11 अप्रैल से 13 अप्रैल तक चलेगा, जिसमें देशभर से किसान, कृषि वैज्ञानिक, विशेषज्ञ और कई बड़े नेता शामिल हो रहे हैं। पहले ही दिन कार्यक्रम में भारी भीड़ देखने को मिली और किसानों में इसे लेकर खासा उत्साह नजर आया। शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे इस महोत्सव में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पहुंचे। मंच पर पहुंचते ही उनका भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि सरकार हमेशा किसानों के हित में काम करने की कोशिश करती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमेशा यह बात कही है कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। अगर किसान मजबूत होगा तो देश भी मजबूत होगा।
उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का सीधा फायदा किसानों तक पहुंच रहा है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत हर साल किसानों के बैंक खातों में 6-6 हजार रुपये सीधे ट्रांसफर किए जाते हैं। यह किसानों की मेहनत का सम्मान है। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का भी जिक्र किया और कहा कि यह किसानों के लिए एक बड़ी राहत है। अगर प्राकृतिक आपदा या किसी कारण से फसल खराब हो जाती है, तो सरकार उसकी भरपाई करती है।
राजनाथ सिंह ने आगे कहा कि सरकार ने सिर्फ योजनाएं ही नहीं बनाई, बल्कि गांव-गांव तक सड़क, बिजली और पानी जैसी सुविधाएं भी पहुंचाई हैं। इसके अलावा मंडियों को ऑनलाइन किया गया है ताकि किसान अपनी उपज देश के किसी भी हिस्से में बेच सकें। उन्होंने कहा कि न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को लगातार मजबूत किया गया है, जिससे किसानों को उनकी फसल का सही दाम मिल सके। उन्होंने यह भी बताया कि अब सेना के कैंटोनमेंट इलाकों के आसपास के किसानों से जैविक खेती के उत्पाद जैसे फल और सब्जियां खरीदी जा रही हैं। इससे किसानों की आय में बढ़ोतरी हुई है और उन्हें जैविक खेती के लिए प्रोत्साहन भी मिला है। साथ ही मिलेट्स जैसे ज्वार, बाजरा और रागी को भी सेना के भोजन में शामिल किया जा रहा है, जिससे किसानों को नया बाजार मिल रहा है।
रक्षा मंत्री ने कहा कि किसान सिर्फ अन्न नहीं उगाता, बल्कि वह पूरी अर्थव्यवस्था को मजबूत करता है। किसान रोजगार, उद्योग और सेवाओं सभी को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने युवाओं की भूमिका पर भी जोर दिया और कहा कि आज भारतीय युवा हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं। तकनीक और नवाचार में उनका योगदान सराहनीय है। उन्होंने कहा कि अगर युवा कृषि क्षेत्र से जुड़ें तो खेती को और आधुनिक बनाया जा सकता है। उन्होंने सुझाव दिया कि ड्रोन, सेंसर और मोबाइल तकनीक का इस्तेमाल करके खेती को स्मार्ट एग्रीकल्चर बनाया जा सकता है। इससे उत्पादन भी बढ़ेगा और किसानों की आय में भी सुधार होगा।
इस मौके पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि रायसेन का यह कृषि मेला सिर्फ एक आयोजन नहीं, बल्कि किसानों के लिए एक ज्ञान की पाठशाला है। उन्होंने कहा कि यहां ज्ञान, विज्ञान, अनुसंधान और किसानों का संगम देखने को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि इस मेले में देशभर से कृषि वैज्ञानिक, विशेषज्ञ और प्रगतिशील किसान शामिल हुए हैं। यहां हॉर्टिकल्चर, इंटीग्रेटेड फार्मिंग, ड्रोन टेक्नोलॉजी और आधुनिक खेती के तरीकों का लाइव प्रदर्शन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम की खास बात यह है कि यहां सिर्फ भाषण नहीं होते, बल्कि पहले वैज्ञानिक अपनी रिसर्च प्रस्तुत करते हैं और फिर किसान उनसे सीधे सवाल पूछ सकते हैं। इससे किसानों को व्यवहारिक जानकारी मिलती है।
उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में हर राज्य का अलग कृषि रोडमैप तैयार किया जा रहा है ताकि स्थानीय परिस्थितियों के हिसाब से खेती को बेहतर बनाया जा सके। इसी कड़ी में विदिशा, रायसेन, सीहोर और देवास जिलों के लिए विशेष कृषि योजना तैयार की गई है। कार्यक्रम में किसानों से अपील की गई कि वे इस महोत्सव में जरूर आएं और आधुनिक कृषि तकनीकों का लाभ उठाएं। यह महोत्सव 13 अप्रैल तक चलेगा और अंतिम दिन केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी भी इसमें शामिल होंगे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved