
- आधा दर्जन स्थानों पर खड़ी रहेंगी गाडिय़ाँ-सूचना मिलते ही मौके पर पहुँचेंगी
उज्जैन। दीपावली पर्व नजदीक है और फटाखों से अग्रिकांड का सबसे अधिक खतरा रहता है, जिससे निपटने के लिए फायर ब्रिगेड ने तैयारियाँ की है। दीपावली पर आग की घटनाओं को रोकने के लिए नगर निगम का फायर विभाग पूरी तरह से तैयार है। शहर में 4 अलग-अलग स्थानों पर दमकल की 12 से 13 गाडिय़ां व 30 से ज्यादा कर्मचारी दो शिफ्टों में तैनात रहेंगे।
विभाग ने अपने कर्मचारियों के अवकाश आगामी आदेश तक रद्द कर दिए हैं। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष दीपावली के मौके पर उज्जैन जिले में कई अग्निकांड की घटनाएं दर्ज की गई थी। इन घटनाओं को देखते हुए इस साल उज्जैन में दीपावली के दौरान अग्नि सुरक्षा की खास तैयारी की गई है। उज्जैन नगर निगम फायर विभाग के नेतृत्व में इस बार शहर में अस्थाई आतिशबाजी विक्रय नानाखेड़ा, दशहरा मैदान, सामाजिक न्याय परिसर, कार्तिक मेला ग्राउंड, गोपाल मंदिर और मक्सी रोड उद्योगपुरी आदि स्थलों पर विशेष अग्नि सुरक्षा उपाय किए जाएंगे। इस बार करीब 12 अग्निशमन वाहनों को विभिन्न स्थानों पर तैनात किया गया है, ताकि किसी भी अग्नि घटना पर त्वरित और प्रभावी ढंग से नियंत्रण किया जा सके। अधिकारियों का लक्ष्य है कि इस साल दीपावली के दौरान पिछले वर्ष की तुलना में आग लगने की घटनाओं में कमी आए। मुख्य फायर अधिकारी एल साहू के निर्देशानुसार आतिशबाजी विक्रेताओं और आम जनता को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है। अग्निशमन विभाग द्वारा एलाउंसमेंट के माध्यम से दुकानदारों को आग से बचाव के लिए खास निर्देश दिए जा रहे हैं। वहीं आगामी आदेश तक फायर विभाग के सभी कर्मचारी नियमित रूप से ड्यूटी पर तैनात रहेंगे।