
इंदौर। बंबई बाजार से लगे पिंजारा बाखल में आज सुबह एक तीन मंजिला बिल्डिंग में आग लगने की घटना हुई, जिसमें नीचे एक टेलर की दुकान जल गई। फायर ब्रिगेड के कर्मियों ने धुएं में फंसे दो लोगों को सीढ़ी की मदद से सुरक्षित नीचे उतारा। जानकारी के अनुसार आज सुबह 6 बजे के करीब पिंजारा बाखल में अनवर पिता शब्बीर की टेलरिंग की दुकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने उग्र रूप धारण कर लिया। इस घटना में फर्नीचर, आलमारी, ग्राहकों के कपड़े आदि जले हैं।
आग लगने के बाद दूसरी और तीसरी मंजिल पर धुआं फैल गया था। फायर ब्रिगेड के अधिकारी संतोष दुबे ने बताया कि दूसरी मंजिल पर फंसे 45 वर्षीय परवेज तथा 20 वर्षीय आवेश रजा को फायरकर्मियों ने सीढ़ी लगाकर नीचे उतारा। वे दोनों बुरी तरह घबरा गए थे। इसके अलावा तीसरी मंजिल पर 8 किराएदार भी फंस गए थे। उन्हें भी छत पर सुरक्षित भेज दिया गया था। करीब आधे घंटे तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
बताया जा रहा है कि उक्त बिल्डिंग फजलु रहमान की है, जिसमें आठ लोग किराए से रहते हैं। दमकलकर्मियों ने करीब 10000 लीटर पानी की मदद से आग पर काबू पाया। इस तरह एक बड़ी घटना होने से बच गई। हालांकि यह ज्ञात नहीं हो पाया है कि आग कैसे लगी। सुबह-सुबह हुई इस घटना को लेकर रहवासियों का कहना था कि यदि आग फैलती तो काफी नुकसान संभव था, क्योंकि ऊपरी मंजिल में रहने वाले परिवार में बच्चे भी शामिल थे। इसी प्रकार अन्नपूर्णा मंदिर के सामने रात 12 बजे अन्नपूर्णा स्वीट्स की दुकान में आग लगने की घटना हुई, लेकिन फायरकर्मियों के पहुंचने के पहले ही लोगों ने आग को बुझा दिया था। जिस दुकान में आग लगी, उसके पास मिठाइयों और अन्य सामान की दुकानें भी है। यदि आग वहां तक फैलती तो वे दुकानें भी चपेट में आ जाती, लेकिन रहवासियों की सतर्कता से बच गई।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved