
इंदौर। इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय विमानतल से कल शाम लखनऊ जाने और आने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दरअसल, लखनऊ एयरपोर्ट पर रनवे बंद हो जाने से यहां आने और जाने वाली उड़ानों को निरस्त किया गया था। इसमें इंदौर से लखनऊ जाने-आने वाली उड़ान भी शामिल थी। उड़ान को निरस्त किए जाने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। नाराज यात्रियों ने एयरपोर्ट पर जमकर हंगामा किया।
विमानतल से मिली जानकारी के मुताबिक लखनऊ एयरपोर्ट पर टर्मिनल थ्री का निर्माण कार्य चल रहा है। इसी दौरान कल सुबह यहां गर्डर रखने के लिए पहुंची एक क्रेन रनवे के पास खराब हो गई। दुर्घटना के खतरे को देखते हुए लखनऊ एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने रनवे को बंद करने की घोषणा कर दी। इसके बाद लखनऊ से जुड़ी 80 उड़ानों को निरस्त और 12 को डायवर्ट किया गया, वहीं 40 उड़ानें लेट रहीं। निरस्त उड़ानों में इंदौर से लखनऊ जाकर वापस आने वाली उड़ान भी शामिल थी। यह उड़ान इंदौर से शाम 6.20 बजे इंदौर से लखनऊ जाकर रात 10.45 बजे वापस इंदौर आती है। इस उड़ान को निरस्त किए जाने से इससे जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे यात्री भडक़ गए और हंगामा करने लगे। वहीं लखनऊ एयरपोर्ट पर भी इंदौर आने वाले यात्री फंसे रहे। कंपनी ने यात्रियों को रिफंड और रिबुकिंग का विकल्प दिया।
सुबह की दिल्ली उड़ान भी थी निरस्त
इससे पहले इंडिगो ने कल सुबह की दिल्ली उड़ान को भी निरस्त किया था। इंडिगो की उड़ान सुबह 10.35 बजे दिल्ली से इंदौर आकर 11.05 बजे वापस दिल्ली जाती है, लेकिन कल कंपनी ने बिना पूर्व सूचना के ऑपरेशनल कारणों का हवाला देते हुए इसे निरस्त कर दिया था। इसी तरह कल कई उड़ानें घंटों लेट भी रही। दिल्ली से शाम 7.30 बजे इंदौर आने वाली विस्तारा एयर लाइंस की उड़ान एक घंटा लेट, शाम 7.40 बजे दिल्ली से आने वाली एलायंस एयर की फ्लाइट तीन घंटा लेट, इंडिगो की रात 9.55 बजे दिल्ली से आने वाली फ्लाइट दो घंटे लेट, हैदराबाद से रात 10.25 बजे आने वाली फ्लाइट एक घंटा और बैंगलरु से रात 12.25 बजे आने वाली फ्लाइट 2 घंटा लेट रही। आने वाली उड़ानों के लेट होने से जाने वाली उड़ानें भी लेट हुई और शाम से रात तक सैकड़ों यात्री परेशान हुए।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved