
इंदौर। इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर विमानतल पर आज सुबह भुवनेश्वर जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इंडिगो एयरलाइंस का भुवनेश्वर जा रहा विमान रनवे तक जाने के बाद उड़ान भरने के बजाय वापस लौट आया। इसका कारण विमान में आई तकनीकी खराबी बताया जा रहा है। विमान के सुधार के बीच यात्रियों को विमान में ही बैठाए रखा गया।
विमानतल से मिली जानकारी के मुताबिक इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट (6ई-6331/6332) सुबह 8.15 बजे भुवनेश्वर से इंदौर आकर 9 बजे वापस भुवनेश्वर जाती है। आज यह फ्लाइट तय समय से 35 मिनट पहले 7.40 बजे ही इंदौर पहुंच गई थी। इसलिए इसकी रवानगी की भी तैयारी जल्दी की ही थी। विमान में सभी यात्रियों को बैठाने के बाद विमान 8.50 बजे रवाना होने के लिए रनवे तक पहुंचा, लेकिन उड़ान भरने से ठीक पहले पायलट को विमान में तकनीकी खराबी के संकेत मिले। इस पर पायलट ने तुरंत इसकी जानकारी एयर ट्रैफिक कंट्रोल और एयरलाइंस के ग्राउंड स्टाफ को दी और विमान को वापस टर्मिनल के पास वापस ले आया। यहां एयरलाइंस के एक्सपर्ट इंजीनियर्स की टीम ने विमान की जांच शुरू की। अधिकारियों ने प्रारंभिक तौर पर बताया कि कोई मामूली गड़बड़ी है, जिसका जल्द सुधार करने के साथ ही फ्लाइट को रवाना किया जाएगा।
रनवे से विमान के वापस आने से यात्रियों ने टेकऑफ न होने का शुक्र मनाया
विमान के रनवे तक जाने के बाद टेकऑफ के बजाय विमान में संदेश गूंजा कि विमान में कुछ तकनीकी खराबी के कारण हम इसे वापस लेकर जा रहे हैं। हम जल्द ही इस फ्लाइट के संचालन की कोशिश करेंगे। इस देरी के लिए हमें खेद है। यह सुनने के बाद कई यात्री घबरा गए। वहीं कई यात्रियों ने शुक्र मनाया कि फ्लाइट टेकऑफ से पहले ही गड़बड़ी की जानकारी मिल गई। विमान के उड़ान भरने के बाद कोई समस्या आ जाती तो क्या होता? यात्रियों ने अहमदाबाद हादसे को भी याद किया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved