
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने शारजाह फ्लाइट बंद करने के साथ ही नए रूट का ऐलान करते हुए शुरू की बुकिंग
इंदौर, विकाससिंह राठौर।
इंदौर (Indore) से यूएई (UAE) के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। कल ही एयर इंडिया एक्सप्रेस (Air India Express) द्वारा इंदौर से शारजाह (Sharjah) के बीच चलने वाली फ्लाइट को सिस्टम से हटाए जाने के बाद आज कंपनी ने इंदौर से अबुधाबी (Abu Dhabi) के बीच सीधी उड़ान चलाने की घोषणा करते हुए बुकिंग शुरू कर दी। इस फ्लाइट की शुरुआत 17 जुलाई से की जाएगी।
अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच शुरू हुए युद्ध के चलते एयर इंडिया एक्सप्रेस ने 28 फरवरी से ही शारजाह फ्लाइट को बंद कर दिया था। इस फ्लाइट को दोबारा शुरू किए जाने की कई बार घोषणा की गई, लेकिन हर बार तारीख आगे बढ़ती रही। आखिरी बार कंपनी ने 1 जुलाई से इस फ्लाइट को चलाने की घोषणा की थी, लेकिन कल कंपनी ने इस फ्लाइट को सिस्टम से ही हटाते हुए बुकिंग को पूरी तरह से बंद कर दिया था। इसके बाद इंदौर से संचालित होने वाली प्रदेश की एकमात्र उड़ान के बंद होने और इंदौर का अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन टूटने की आशंका गहराने लगी थी। इसी बीच एयरलाइंस ने यात्रियों को बड़ी राहत देते हुए इंदौर से अबुधाबी की सीधी उड़ान शुरू करने की घोषणा कर दी है। ट्रेवल एजेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष अमोल कटारिया ने बताया कि शारजाह की फ्लाइट बंद होने से यात्रियों और ट्रेवल एजेंट्स में निराशा थी। अब अबुधाबी की फ्लाइट की घोषणा से काफी राहत मिली है।
सप्ताह में चार दिन होगा संचालन
कटारिया ने बताया कि इस फ्लाइट का संचालन सप्ताह में चार दिन रवि, सोम, बुध और शुक्रवार को किया जाएगा। कंपनी ने शुरुआत में एक ओर का किराया 16 से 17 हजार के बीच रखा है। इस फ्लाइट के शुरू होने से इंदौर से यूएई जाने और आने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिल सकेगी। सीधी फ्लाइट होने से यात्रियों का समय और पैसा भी बचेगा।
यह होगा शेड्यूल
इंदौर-अबुधाबी (आईएक्स-247)
यह फ्लाइट इंदौर से शाम 7.50 बजे रवाना होकर यूएई के स्थानीय समयानुसार रात 9.35 बजे अबुधाबी पहुंचेगी। यात्रा का समय सवा तीन घंटे होगा।
अबुधाबी-इंदौर (आईएक्स-247)
यह फ्लाइट यूएई के स्थानीय समयानुसार रात 10.35 बजे रवाना होकर भारतीय समयानुसार देर रात 3.20 बजे इंदौर पहुंचेगी। यात्रा का समय सवा तीन घंटे होगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved