
उज्जैन। संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाने की दिशा में भारतीय जनता पार्टी ने उज्जैन ग्रामीण में प्रशिक्षण अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में तराना ग्रामीण और कनासिया मंडल में कार्यकर्ताओं का दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग रखा गया। जिसमें संगठन की मजबूती और बूथ प्रबंधन पर फोकस पर जोर दिया गया।
जिला संयोजक एवं जिला महामंत्री राकेश यादव ने बताया कि तराना ग्रामीण मंडल में 20-21 मार्च और कनासिया मंडल में 21-22 मार्च को प्रशिक्षण आयोजित किए गए। उन्होंने कहा कि बाकी मंडलों में भी जल्द ही इसी तरह के प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए जाएंगे, ताकि संगठन का हर कार्यकर्ता सक्रिय और प्रशिक्षित हो सके। जिलाध्यक्ष राजेश धाकड़ ने प्रशिक्षण वर्ग को संगठन के लिए अहम बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से कार्यकर्ताओं के व्यक्तित्व में निखार आता है और वे पार्टी की रीति-नीति के अनुरूप बेहतर काम कर पाते हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि सड़कों, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। साथ ही किसानों के लिए चलाई जा रही योजनाओं से उनकी आय में बढ़ोतरी हुई है। प्रशिक्षण के दौरान संभाग प्रभारी राजीव खंडेलवाल ने भाजपा के मूल मंत्र सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास को दोहराते हुए कहा कि पार्टी की विचारधारा अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक विकास पहुंचाने पर केंद्रित है। उन्होंने कहा कि सेवा और समर्पण की भावना ही भाजपा की पहचान है और यही कार्यपद्धति संगठन को मजबूत बनाती है। जिला मीडिया प्रभारी गजेंद्र परमार के अनुसार प्रशिक्षण वर्ग में विभिन्न सत्रों के जरिए कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक कौशल सिखाए गए। घट्टिया विधायक डॉ. सतीश मालवीय और नागदा-खाचरौद विधायक डॉ. तेजबहादुर सिंह चौहान ने सरकार की योजनाओं और कार्यप्रणाली पर प्रकाश डाला। वहीं श्याम बंसल ने भाजपा के इतिहास और विकास यात्रा की जानकारी दी। इसके अलावा बूथ प्रबंधन, वैचारिक अधिष्ठान, कार्यविस्तार, सोशल मीडिया और एआई आधारित ऐप के उपयोग जैसे विषयों पर भी विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं को आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए सक्रिय रहने और संगठन के निर्देशों के अनुसार कार्य करने का संदेश दिया। प्रशिक्षण वर्ग में निरंजन मेहता, महिपाल सिंह उमठ और रीता पाटीदार सहित कई कार्यकर्ताओं ने व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाली।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved