
टीकमगढ़। टीकमगढ़ जिले के मोहनगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दरगाएं कलां में रविवार को उधार के पैसों को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद तीन लोगों ने एक बुजुर्ग और उनके भाई के साथ लाठी-डंडों से जमकर मारपीट कर दी, जिसमें दोनों घायल हो गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मोहनगढ़ पुलिस के अनुसार, पीड़ित 65 वर्षीय काशीराम अहिरवार, पिता खुमान अहिरवार, निवासी दरगाएं कलां ने अपने भाई बृजलाल अहिरवार के साथ थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि रविवार दोपहर वे अपने भाई के साथ गांव स्थित गौड़ बब्बा मंदिर के पास सीसी रोड पर खड़े थे।
इसी दौरान गांव के धनीराम अहिरवार, उसके भाई सुरेश अहिरवार और दिनेश अहिरवार वहां पहुंचे। आरोप है कि तीनों ने काशीराम से उनके भतीजे की शादी के लिए उधार पैसे न देने की बात को लेकर सवाल-जवाब शुरू कर दिया।
जब काशीराम ने आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए पैसे न होने की बात कही, तो आरोपी भड़क गए और गाली-गलौज करते हुए विवाद करने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में काशीराम और उनके भाई बृजलाल को शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं। घटना के बाद परिजन दोनों घायलों को लेकर मोहनगढ़ थाने पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। गांव में इस घटना के बाद तनाव का माहौल बना हुआ है, वहीं पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved