
बांका। बिहार के बांका जिले में सोमवार को रजौन कटरिया नदी से एक दुर्लभ और अजीबोगरीब मछली मिलने से इलाके में कौतूहल का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों द्वारा नदी में मछली पकड़ने के दौरान यह अनोखी मछली जाल में फंस गई। इसकी सबसे खास बात यह है कि इसमें चार आंखें दिखाई देती हैं। इसका मुंह असामान्य रूप से बड़ा है।
साथ ही इसकी बनावट कुछ लोगों को उल्लू जैसी भी प्रतीत हो रही है। मछली मिलने की खबर पूरे क्षेत्र में तेजी से फैल गई, जिसके बाद इसे देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचने लगे।
बताया जा रहा है कि इस तरह की मछली सामान्य तौर पर स्थानीय नदियों या तालाबों में नहीं पाई जाती है। कुछ ग्रामीणों का कहना है कि ऐसी प्रजाति की मछलियां दक्षिणी अमेरिका के कुछ क्षेत्रों में पाई जाती हैं, इसलिए इसके यहां मिलने को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
फिलहाल इस मछली को धौनी होटल के पास रखा गया है। जहां लोग इसे देखने के लिए लगातार पहुंच रहे हैं। कुछ लोग इसे प्रकृति का अद्भुत जीव मान रहे हैं, जबकि कुछ ग्रामीण इसे किसी चमत्कार से जोड़कर भी देख रहे हैं। वहीं यह सवाल भी चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर यह दुर्लभ मछली कटरिया नदी तक कैसे पहुंची।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved