मनोरंजन

अनुभव सिन्हा के साथ चार दिग्गज निर्देशक कोरोना वायरस पर बनाएंगे फिल्म

फिल्ममेकर अनुभव सिन्हा ने अपनी अगली प्रोजेक्ट की घोषणा कर दी है। यह कोरोना वायरस महामारी की कहानियों और अनुभवों पर आधारित एंथोलॉजी फिल्म होगी।निर्देशक अनुभव सिन्हा अपने प्रोडक्शन बैनर बनारस मीडियावर्क्स के तहत फिल्म का निर्माण करेंगे। अनुभव सिन्हा सामाजिक मुद्दों पर फिल्म बनाने के लिए जाने जाते हैं, जिसमें मुल्क, आर्टिकल 15 और थप्पड़ शामिल हैं। अनुभव सिन्हा ने अपने दोस्त और निर्देशक हंसल मेहता, सुधीर मिश्रा, केतन मेहता और सुभाष कपूर के साथ हाथ मिलाया है। फिल्म का अभी शीर्षक तय नहीं हुआ है। फिल्म में अनुभव सिन्हा, हंसल मेहता, सुधीर मिश्रा, केतन मेहता और सुभाष कपूर की  कहानियां होंगी। यह फिल्म 2021 में रिलीज होगी।
यह जानकारी फिल्म एंड ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने सोशल मीडिया पर दी। तरण आदर्श ने रविवार को ट्वीट किया-‘थप्पड़ के बाद अनुभव सिन्हा एंथोलॉजी फिल्म का निर्माण करेंगे। हालांकि अभी तक शीर्षक तय नहीं हुआ है। यह फिल्म कोरोना वायरस महामारी की  कहानियों और अनुभवों पर आधारित होगी। अनुभव सिन्हा, सुधीर मिश्रा, हंसल मेहता, केतन मेहता और सुभाष कपूर इस एंथोलॉजी फिल्म में कहानी निर्देशित करेंगे।’
फिल्म के कलाकारों के बारे में अभी जानकारी नहीं हैं। अनुभव सिन्हा ने हाल ही में सोशल मीडिया पर घोषणा की थी कि वह बॉलीवुड छोड़ रहे हैं, लेकिन फिल्में बनाना जारी रखेंगे। ‘थप्पड़’ के निर्देशक अनुभव सिन्हा की घोषणा के बाद सुधीर मिश्रा और हंसल मेहता ने भी इसी तरह के ट्वीट किए थे। अनुभव सिन्हा ने ट्वीट किया था-‘बस बहुत हो गया। मैं बॉलीवुड से अपना इस्तीफा दे रहा हूं।’ अनुभव ने अपना ट्विटर प्रोफाइल भी चेंज कर लिया था। अनुभव सिन्हा ने अपने नाम के आगे नॉट बॉलीवुड लिख दिया है।
अनुभव सिन्हा की फिल्म ‘थप्पड़’ इसी साल 22 फरवरी को रिलीज हुई है। इस फिल्म में अभिनेत्री तापसी पन्नू मुख्य भूमिका में हैं। इस फिल्म को समीक्षकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला और दर्शकों ने भी फिल्म को पसंद किया। उससे पहले उनकी फिल्म ‘मुल्क’ और ‘आर्टिकल 15’ को काफी पंसद किया गया था। फिल्म निर्देशक अनुभव सिन्हा सोशल मीडिया पर सक्रिय रहते हैं। वह सोशल मीडिया पर अपने ट्वीट को लेकर हमेशा चर्चा में रहते हैं।
Share:

Next Post

सीरियल कसौटी जिंदगी की 2 फेम एक्टर पार्थ समथान की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव

Mon Jul 27 , 2020
सीरियल कसौटी जिंदगी की 2 फेम एक्टर पार्थ समथान के फैंस के लिए खुशखबरी है. पार्थ समथान अब कोरोना से पूरी तरह ठीक हो चुके हैं. इस एक्टर पार्थ समथान ने पोस्ट कर बताया कि उनकी रिपोर्टस निगेटिव आई हैं. पार्थ ने लिखा- अब तक आप जान ही गए होंगे कि मेरी कोरोना रिपोर्ट्स निगेटिव […]