पेरिस । फ्रांस की राजधानी पेरिस (Paris, capital of France) में मुस्लिम समुदाय (Muslim community) के बड़े जमावड़े पर प्रशासन ने रोक लगा दी है। अधिकारियों ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए यह फैसला लिया है। देश के शीर्ष पुलिस अधिकारी ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी।
पेरिस के पुलिस प्रमुख पैट्रिस फॉरे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए बताया कि संभावित तनाव और सुरक्षा जोखिम को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री लॉरेंट नूनेज़ के अनुरोध पर 3 से 6 अप्रैल के बीच पेरिस-ले बॉर्गेट प्रदर्शनी केंद्र में आयोजित होने वाली ‘फ्रांस के मुसलमानों की वार्षिक बैठक’ के 40वें संस्करण पर प्रतिबंध लगाने का आदेश जारी किया गया है।
पुलिस प्रमुख के अनुसार, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़े तनाव, आतंकी हमले की आशंका और सार्वजनिक व्यवस्था बिगड़ने की संभावना को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
कार्यक्रम रद्द होने के बाद मुस्लिम संगठन के प्रमुख मखलौफ मामेचे ने इस फैसले की पुष्टि करते हुए कहा कि संगठन इसके खिलाफ कानूनी अपील करेगा।
बताया जा रहा है कि हाल ही में पेरिस में संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा बढ़ाई गई थी। यह कदम बैंक ऑफ अमेरिका के दफ्तरों को निशाना बनाने की कथित असफल कोशिश और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बाद उठाया गया था।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved