
इंदौर। बीते तीन दिन इंदौर की फैशन दुनिया में एक नई इबारत लिख गए। मोयरा सरिया प्रेजेंट ‘एनआईएफ ग्लोबल इंदौर टाइम्स फैशन वीक-2026’ सीजन-4 के तीन दिवसीय आयोजन में सैकड़ों कलेक्शन रैंप पर उतारे गए, जिसमें भविष्य के फैशन की झलक भी नजर आई। पहला दिन पूरी तरह से एनआईएफ ग्लोबल के नाम रहा, जिसमें यहां सौ फैशन डिजाइनिंग के स्टूडेंट्स ने अपने कलेक्शन को रैंप पर उतारा। दूसरा और तीसरा दिन शहर और देश के नामी डिजाइनर्स के नाम रहा।
एनआईएफ ग्लोबल हर साल तीन दिवसीय इस फैशन महोत्सव का आयोजन करता है, जिससे कि स्टूडेंट्स ही नहीं, शहर की फैशन प्रेमी जनता को आगामी फैशन और ग्लोबल फैशन से रूबरू होने का मौका मिलता है। इस बार भी तीन दिवसीय इस फैशन महोत्सव में रैंप पर स्टाइल, क्रिएटिविटी और परंपरा का अनोखा संगम देखने को मिला। शनिवार को हुआ इसका समापन कई मायनों में खास रहा कि मशहूर फैशन डिजाइनर शायशा शिंदे ने अपने कलेक्शन ‘त्रिकाल दृष्टि’ को इंदौर में रैंप पर लॉन्च किया।
इसमें भविष्य के फैशन की झलक देखने को मिली। कलेक्शन को अभिनेत्री निधि अग्रवाल ने शो स्टॉपर के रूप में प्रस्तुत किया। इस दौरान मोयरा सरिया के चेयरमैन एवं फाउंडर विमल तोड़ी और एनआईएफ ग्लोबल, इंदौर की चेयरपर्सन साधना तोडी ने भी रैंप पर वॉक की। शायशा शिंदे ‘द ऑरेकल ऑफ द फ्यूचर’, ‘द प्रिंसेस ऑफ कंट्रोल्ड कैओस’ और ‘द लास्ट हाई प्रीस्टेस’ में अपने कलेक्शन दिखाए। हर सेगमेंट में अलग-अलग फैब्रिक, 3डी वर्क और बोल्ड सिल्हूट्स का अनूठा मेल देखने को मिला।
हैंडलूम और परंपरा का भी दिखा जलवा
भोपाल के डिजाइनर मुमताज खान ने ‘द जर्नी ऑफ थ्रेड्स एंड हैंडलूम्स’ के जरिए भारतीय हैंडलूम की खूबसूरती को रैंप पर उतारा। इस कलेक्शन में मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध चंदेरी और महेश्वरी फैब्रिक की सादगी और शाही अंदाज का अद्भुत संगम नजर आया। साड़ी, लहंगा, शेरवानी, भोपाली ड्रेस और वेस्टर्न आउटफिट्स के नए डिजाइन इस कलेक्शन में लॉन्च किए गए। सुपर मॉडल सऊद खान और अभिनेता शाहवर अली शो स्टॉपर बने। एनआईएफ ग्लोबल, इंदौर की चेयरपर्सन साधना तोडी ने बताया कि यह आयोजन न केवल फैशन प्रेमियों के लिए खास रहा, बल्कि संस्थान के स्टूडेंट्स के लिए भी सीखने का बेहतरीन अवसर साबित हुआ। उन्हें इंडस्ट्री के विशेषज्ञों के साथ काम करने और नए ट्रेंड्स को समझने का मौका मिला।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved