
नई दिल्ली । गाजियाबाद (Ghaziabad) में 9वीं मंजिल से कूदकर जान देने वाली तीन बच्चियों के पिता चेतन (Chetan) से पुलिस ने शनिवार को पूछताछ की। इस दौरान चेतन से कई तरह के सवाल पूछे गए। इस दौरान चेतन ने कबूल किया कि उसकी तीन शादियां (Three marriages) और चौथी से भी संबंध रहा, जिसकी उसके ही छत से गिरकर मौत हो गई थी। एक शादी संतान नहीं होने की वजह से हुई जबकि अन्य अवैध संबंधों की वजह से।
चेतन से जब पूछा गया कि उसकी कितनी शादियां हैं और और लिव पार्टनर की मौत की क्या सच्चाई है तो उसने तीन पत्नियां होने और एक पार्टनर की मौत की बात कबूल की। उसने कहा कि उसकी पहली पत्नी सुजाता है। दोनों की कोई संतान नहीं हुई तो सुजाता की मर्जी से उसने अपनी सगी साली हिना से शादी कर ली थी।
हालांकि, कुछ समय बाद ही उसका सीलमपुर में ससुराल के पड़ोस में रहने वाली तब्बू से संबंध हो गए। उसे 9 साल पहले राजेंद्रनगर वाले फ्लैट में साथ रहने के लिए लाया तो घर पर झगड़े होने लगे। वर्ष 2018 में यहां उसकी तीसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई थी। चेतन ने इसमें किसी तरह का हाथ होने से इनकार करते हुए कहा कि उस समय वह घर पर नहीं था और पुलिस जांच में उसे क्लीनचिट मिल चुकी है।
पार्टनर मरी तो उसकी रिश्तेदार को किया प्रेग्नेंट
बच्चियों के पिता ने तीसरी शादी को लेकर कहा कि वह उसकी पार्टनर रही तब्बू की रिश्तेदार है। तब्बू की मौत के बाद उसके तब्बू की रिश्देदार टीना से अवैध संबंध बन गए। वह गर्भवती हो गई तो चेतन ने कोर्ट मैरिज कर ली। इस तरह वह तीन पत्नियों के साथ रह रहा था। चेतन की तीन शादियों में पांच बच्चे थे, जिनमें से 3 ने एक साथ खुदकुशी कर ली। हालांकि, चेतन की पत्नियों ने पुलिस पूछताछ के दौरान उस पर कोई आरोप नहीं लगाया। हिना ने कहा कि उसने परिवार की मर्जी से चेतन से शादी की। वहीं, टीना ने कहा कि संबंध हो जाने के कारण शादी कर ली।
तब्बू की चेतन से शादी नहीं हुई
चेतन ने कहा कि साल 2018 में उसके साथ रहने वाली तब्बू की गिरकर मौत हो गई थी। वहीं, इसी हादसे को लेकर एक और बयान सामने आया है। खुद को चेतन का ससुर बता रहे सीलमपुर निवासी दिलीप का कहना है कि 2018 में जो गिरकर मरी थी, वह उनकी ही 16 वर्षीय बेटी थी। वह निशिका के जन्मदिन पर चेतन के यहां गई थी। उसकी चेतन से शादी नहीं हुई। दिलीप का कहना है कि उनके 11 बेटियां और तीन बेटे हैं। हिना की शादी चेतन से उन्होंने ही कराई थी। पुलिस का कहना है कि दिलीप को भी नोटिस देकर बुलाया जाएगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved