नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह (Giriraj Singh) ने देश की सुरक्षा स्थिति और विश्वविद्यालयी राजनीति को लेकर तीखी टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि पहले देश के कई हिस्सों में आतंकी घटनाएं और विस्फोट आम थे, लेकिन अब हालात में बड़ा बदलाव आया है। उनके अनुसार, कश्मीर में पथराव (Stone pelting in kashmir) की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण हुआ है और सुरक्षा एजेंसियां उग्रवाद के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही हैं।
जेएनयू में वामपंथी समूहों और एबीवीपी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प पर बोलते हुए गिरिराज सिंह ने आरोप लगाया कि जेएनयू में वामपंथी विचारधारा नहीं मानने वाले छात्रों को पीटा जाता है। उन्होंने कहा कि कल भी ऐसा ही हुआ, जहां गैर-वामपंथी छात्रों पर हमला किया गया। सिंह ने मांग की कि ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि विश्वविद्यालय में शांति और पढ़ाई का माहौल बना रहे। उन्होंने इस घटना को वामपंथी ताकतों की असहिष्णुता का उदाहरण बताया।
जेएनयू में किस बात पर बवाल
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने मार्च में शामिल छात्रों से संवाद के बजाय अखिल भारतीय विद्यार्थी (ABVP) के सदस्यों को उनसे भिड़ने दिया। हालांकि, एबीवीपी ने आरोपों को खारिज किया और वाम समर्थित संगठनों पर झड़पों को भड़काने तथा घटना के बारे में गलत सूचना फैलाने का आरोप लगाया। कुलपति पंडित ने हाल ही में एक साक्षात्कार में कहा था कि समुदाय लगातार पीड़ित बने रहकर या पीड़ित होने का नाटक करके प्रगति नहीं कर सकते, जिसे लेकर विवाद खड़ा हो गया। जेएनयूएसयू ने पंडित की टिप्पणियों को जातिवादी और हाशिये पर पड़े समुदायों के प्रति असंवेदनशील बताया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved