
आजमगढ़: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक दुल्हन शादी के बाद ससुराल नहीं पहुंची, बल्कि रास्ते में उसके साथ आए कुछ लोगों ने दूल्हे को कार से उतार दिया. इसके बाद सभी विवाह में मिले जेवर, नकदी और अन्य सामान के साथ फरार हो गए. फिर पीड़ित पक्ष की ओर से थाने में शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया.
फिर कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को लुटेरी दुल्हन गैंग की दो महिलाओं समेत मामले में सात लोगों की गिरफ्तारी की गई. जानकारी के अनुसार, लुटेरी दुल्हन गैंग के शातीर बदमाशों ने हरदोई जिले के बिलग्राम थाना इलाके के छिबरमऊ गांव के निवासी राजकुमार को जाल में फंसाया. शातीरों ने राजकुमार से कहा कि वो उनका विवाह कराएंगे. राजकुमार को व्हाट्सऐप पर लड़की की तस्वीर भेजी गई.
राजकुमार और उनके परिवार को लड़की पसंद आ गई. इसके बाद ये विवाह तय कर दिया गया और जिले के बरदह के बांधवा महादेव मंदिर में विवाह का निर्णय लिया गया. बुधवार को वर और वधु पक्ष के लोग जिले के बरदह के बांधवा महादेव मंदिर पहुंचे. मंदिर में राजकुमार की लड़की से साथ पूरे रीति-रिवाज के साथ शादी हुई.
वर पक्ष की ओर से दुल्हन को सोने के जेवर, 80 हजार रुपये नकद और कपड़े आदि दिए गए. शादी के बाद राजकुमार अपनी दुल्हन को लेकर रवाना हो गए. इसी बीच बंधवा मोड़ के पास दुल्हन के कथित पिता और परिजनों ने दूल्हे को गाड़ी से उतार दिया. फिर दुल्हन और शादी का सारा सामान लेकर फरार हो गए. इस मामले में पुलिस ने दूल्हे के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया.
पुलिस ने शुक्रवार को कोदहरा चौराहे के पास से घटना में शामिल दो महिलाओं समेत सात लोगों की गिरफ्तारी की. आरोपियों के पास से 19,650 रुपये नकदी, मंगलसूत्र, झुमका, साड़ी, कपड़ा, दो बाइक समेत अन्य सामान बरामद हुआ.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved