
उज्जैन। भाजपा ने प्रदेश की जनता के साथ धोखा कर सौदेबाजी की सरकार बनाई है और मतदाता इसे माफ नहीं करेंगे। पूर्व गृह मंत्री ने कल कांग्रेस के अभियान में शहरवासियों के बीच जनसंपर्क कर भाजपा सरकार की कुनीतियों के पेम्पलेंट बांटते हुए यह आरोप लगाया। बुधवार को पूर्व गृहमंत्री एवं जिले के प्रभारी बाला बच्चन उज्जैन पहुंचे। वे कांग्रेस के घर-घर चलो अभियान में भी शामिल हुए। शहर कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष अशोक भाटी ने बताया कि अभियान में जनसंपर्क से पहले उन्होंने महाकाल के दर्शन किये फिर केडी गेट चौराहे से अभियान की शुरुआत की जिसमें वे वार्ड 7, 10, 11, 13, 14, 16, 19, 26, 39 में घूमे तथा लोगों के बीच भाजपा सरकार की कमियों को बताया।
उन्होंने कहा कि सरकार बनाने के लिए सौदेबाजी करने वाली भाजपा आम जनता से छल करने में नहीं चूकती, सरकार बनाने के लिए बिजली के बिल माफ किये और जब भाजपा ने मध्यप्रदेश में अपनी सरकार बना ली तो बिजली के बिल बढ़ाकर वसूल करना प्रारंभ कर दिया, जिनके बिल 100-200 रूपये आने चाहिये उनके बिल हजारों में पहुंच गए। भाजपा सरकार में बढ़ रही बेरोजगारी, महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। अभियान में शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश सोनी, जिलाध्यक्ष कमल पटेल, मुकेश भाटी, रवि राय, विवेक यादव, सपना सांखला, अशोक भाटी, शाकिर भाई खालवाले, अभिषेक शर्मा, राहुल गेहलोत, सुनील कछवाय, कैलाश बिसेन, चेतन यादव, विवेक सोनी, लव भाटी, रवि भदौरिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौजूद रहे। इसी तरह दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के अभियान मेंं भी बाला बच्चन शामिल हुए। वे शाम को वाल्मिकी नगर, अशोक नगर, किशनपुरा, कंचनपुरा होते हुए लक्ष्मीनगर पहुंचे जहां राष्ट्रगान के साथ अभियान का समापन हुआ। इस दौरान बाला बच्चन द्वारा घर-घर पहुंचकर पेम्पलेट वितरित किये तथा भाजपा द्वारा बरती जा रही अराजकता के बारे में लोगों को बताया। यह जानकारी देवव्रत यादव ने दी।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved