
नई दिल्ली: केंद्र सरकार (Central government) की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM Kisan Yojana) के तहत किसानों को बड़ी राहत मिली है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योजना की 22वीं किस्त जारी कर दी है. इसके तहत देशभर के 9.32 करोड़ से ज्यादा किसानों के बैंक खातों में ₹18,640 करोड़ की राशि सीधे ट्रांसफर की गई है.
प्रधानमंत्री ने असम के Guwahati से सिंगल क्लिक के जरिए यह राशि किसानों के खातों में भेजी. सरकार की इस योजना के तहत किसानों को हर साल ₹6,000 की आर्थिक मदद दी जाती है. यह रकम ₹2,000 की तीन किस्तों में सीधे किसानों के बैंक खाते में भेजी जाती है.
खाते में नहीं आई किस्त तो क्या करें
अगर आपके खाते में अभी तक पीएम किसान की 22वीं किस्त नहीं आई है या मोबाइल पर मैसेज नहीं आया है, तो संभव है कि किसी कारण से आपकी किस्त रोक दी गई हो. इसके पीछे कुछ आम वजहें हो सकती हैं. जैसे कि आपने e-KYC पूरा नहीं कराया हो, किसान आईडी नहीं बनी हो, या फिर आपकी जमीन से जुड़े दस्तावेज जमा न हुए हों. इसके अलावा अगर आपका बैंक खाता आधार कार्ड से लिंक नहीं है या आप इनकम टैक्स के दायरे में आते हैं, तब भी किस्त रुक सकती है.
अब तक किसानों को मिला सवा 4 लाख करोड़
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पीएम किसान योजना के तहत अब तक किसानों के खातों में सवा 4 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि ट्रांसफर की जा चुकी है. असम में भी इस योजना का बड़ा फायदा किसानों को मिला है. राज्य के करीब 19 लाख किसानों के खातों में अब तक ₹8,000 करोड़ से ज्यादा की रकम भेजी जा चुकी है. सरकार के मुताबिक इस बार 9 करोड़ 32 लाख 25 हजार 913 किसानों के बैंक खातों में 22वीं किस्त की राशि ट्रांसफर की गई है, जिससे देशभर के किसानों को आर्थिक मदद मिली है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved