
गाजा। इजरायल और हमास के बीच करीब 15 महीनों से जारी संघर्ष के बाद आज रविवार से युद्ध विराम लागू हो गया है। हालांकि सुबह बंधकों की लिस्ट नहीं देने से इजरायल भड़क गया था और गाजा पर हमला कर दिया था। इसमें 8 लोग मारे गए। इसके बाद हमास ने इजरायली बंधकों की सूची उसे सौंप दी। अब इजरायल-हमास के बीच गाजा में युद्ध विराम लागू हो गया है। इस बीच इजरायल ने एक हंसते-खेलते इजरायली परिवार का वीडियो जारी किया है, जिसे हमास के आतंकियों ने 7 अक्टूबर को अपहरण करने के बाद जिंदा जला दिया था। इसमें 3 मासूम बच्चे भी शामिल थे।
वीडियो को सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर जारी करते हुए इजरायल ने लिखा है, “इस पूरे परिवार को हमास के आतंकियों ने 7 अक्टूबर को जिंदा जला दिया था। जब आप पन्ना पलटते हैं और युद्ध विराम व बंधक समझौते के बारे में पढ़ते हैं, तो यह मत भूलिएगा कि यह युद्ध कैसे शुरू हुआ। हम उन पीड़ितों और बंधकों के परिवारों के साथ खड़े हैं जो हर दिन 7 अक्टूबर की याद ताजा करते हैं। हम कभी नहीं भूलेंगे।”
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved