
तेल अवीव। इस्राइल ने दावा किया है कि गाजा सिटी में रातभर चले उनके हमलों में हमास के सैन्य कमांडर मोहम्मद ओदेह की मौत हो गई है। इस्राइली रक्षा मंत्री इस्राइल काट्ज ने इसे हमास के सैन्य ढांचे पर बड़ा प्रहार बताया है। इस्राइली अधिकारियों के मुताबिक, ओदेह को इस्राइली डिफेंस फोर्स (IDF) और खुफिया एजेंसी शिन बेत के संयुक्त अभियान में मार गिराया गया। इस्राइली सेना और खुफिया एजेंसियां बीते कई महीनों से उसकी गतिविधियों पर नजर रख रहीं थीं।
काट्ज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘हमास की सैन्य विंग के चौथे कमांडर को खत्म कर दिया गया है और उसे उसके साथियों के पास जहन्नुम भेज दिया गया है।’ इस्राइल का कहना है कि इसी महीने इज्ज अल-दीन अल-हद्दाद के मारे जाने के बाद ओदेह ने हाल ही में हमास के सैन्य विंग की कमान संभाली थी। गाजा से सामने आई रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि हमले में ओदेह के साथ उनकी पत्नी और बेटे भी मारे गए।
इस्राइली रक्षा मंत्री काट्ज ने अभियान की सराहना करते हुए इस्राइली सेना और खुफिया एजेंसियों की कार्रवाई को बेहतरीन बताते हुए तारीफ की। उन्होंने कहा, ‘7 अक्तूबर के नरसंहार का नेतृत्व करने वाले हर व्यक्ति को खत्म करने का हमने संकल्प लिया है और हम ऐसा करके रहेंगे। वे जहां भी होंगे, मौत उनका इंतजार कर रही है।’
काट्ज ने गाजा में हमास के शासन को खत्म करने की योजना को आगे बढ़ाने की बात भी दोहराई। आईडीएफ और शिन बेत के संयुक्त बयान में कहा गया कि गाजा सिटी में कई इमारतों को निशाना बनाया गया, जहां ओदेह और उसके सहयोगियों के छिपे होने की जानकारी थी। इस्राइली सेना के अनुसार, हमले में एक अन्य हमास सदस्य के अपार्टमेंट को भी निशाना बनाया गया, जिस पर 7 अक्तूबर के हमलों में शामिल होने का आरोप है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved