
बीजिंग। चीन (China) के दक्षिणी और मध्य हिस्सों में पिछले दो दिनों से जारी भीषण बारिश (Torrential rain), तूफान और भूस्खलन (Landslide) ने भारी तबाही मचाई है। मंगलवार तक कुल 20 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि सैकड़ों लोग घायल हुए हैं। अब तक हजारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। राष्ट्रपति शी जिनपिंग (President Xi Jinping) ने बचाव कार्यों में पूरी ताकत लगाने के निर्देश दिए हैं। सरकारी मीडिया के अनुसार, टाइफून ‘मायसक’ के प्रभाव से गुआंग्शी प्रांत में भारी बारिश और बाढ़ ने सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया। यहां कम से कम चार लोगों की मौत हुई है, आठ अभी लापता हैं और 50000 से अधिक लोगों को निकाला गया है।
स्थानीय मीडिया द्वारा जारी एक सीसीटीवी फुटेज में गुआंग्शी के एक जलाशय के बांध की टूटी दीवार से कीचड़ भरे पानी की तेज धार बहती दिख रही है। बचावकर्मी लाइफ जैकेट पहनकर हवा वाली नावों से लापता लोगों की तलाश कर रहे हैं, जबकि बेघर लोगों के लिए अस्थायी शिविर बनाए गए हैं। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें घुटनों तक पानी भरे गांव के लोग तैरते सांपों को पकड़ने की कोशिश कर रहे हैं। इस घटना से जुड़े हैशटैग को 18 करोड़ से ज्यादा बार देखा गया। स्थानीय गांव समिति प्रमुख वूजी ने बताया कि सोमवार सुबह एक सांप प्रजनन फार्म के बह जाने से 800-900 सांप निकलकर आसपास फैल गए।
हुबेई में तूफानी हवाओं से 11 मौतें
हुबेई प्रांत में आंधी-तूफान और तेज हवाओं ने कहर बरपाया। यहां 11 लोगों की मौत हुई, 331 घायल हुए और एक व्यक्ति लापता है। करीब 4800 घर क्षतिग्रस्त हो गए, जिनमें 22 पूरी तरह ढह गए। स्थानीय वांग नाम के एक शख्स ने बताया कि उनकी जीजाजी (सरनेम झांग) तेज हवा में अपने घर से बाहर खींच लिए गए और अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स के बाहर बेहोश अवस्था में मिले। वांग ने बताया कि दीवार की अलमारी, सोफा, कॉफी टेबल, डाइनिंग टेबल और कुर्सियां एक पल में गायब हो गईं। लगा जैसे पूरी इमारत खोखली हो गई हो।
गांसु में भूस्खलन से पांच मौतें
उत्तर-पश्चिमी गांसु प्रांत के लोंगनान शहर के पास एक गांव में भूस्खलन के कारण पांच लोगों की मौत हो गई। 12 लोग अभी भी लापता हैं। बचाव दल ने 21 फंसे लोगों को निकाला, जिनमें से पांच की मौत हो गई। प्रांतीय सरकार ने पुनर्निर्माण के लिए 3 करोड़ युआन (लगभग 4.4 मिलियन डॉलर) आवंटित किए हैं।
बुधवार को भारी बारिश की संभावना
जल संसाधन मंत्री ली गुओयिंग ने कहा कि गुआंग्शी के तटीय इलाकों और ग्वांगडोंग में बुधवार को भी भारी बारिश जारी रहने की संभावना है। गुइगांग हाइड्रोलॉजिकल स्टेशन पर बाढ़ का जलस्तर चेतावनी स्तर से 6 मीटर ऊपर पहुंच सकता है। उन्होंने कहा कि लगातार भारी बारिश और ऊंचे जलस्तर के कारण जलाशयों और तटबंधों की सुरक्षा अब बड़ी चुनौती बन गई है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved