
इंदौर। दोस्तों के साथ निकला एक होटल कर्मचारी सडक़ हादसे का शिकार हो गया। उसकी मौत हो गई। हादसा कैसे हुआ यह किसी को नहीं पता। पुलिस मामले की तफ्तीश में लगी है। आजाद नगर पुलिस ने बताया कि मूसाखेड़ी का रहने वाला 30 साल का अर्जुन पिता राजेश मोहे डेली कॉलेज के पास घायल अवस्था में पड़ा हुआ मिला। पास में उसकी बाइक भी पड़ी थी। उसे राहगीरों ने देखा तो इलाज के लिए एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में उसके परिजनों को फोन लगाकर घटना की जानकारी दी तो वे भी वहां पहुंचे। अर्जुन की इलाज के दौरान मौत हो गई। वह एक होटल में काम करता था। रविवार को वह होटल नहीं गया था। दोस्तों के साथ शाम को घर से निकला था। दोस्त ही बता पाएंगे कि हादसा कैसे हुआ। अर्जुन की शादी नहीं हुई थी। उसके परिवार में एक बड़ा भाई और माता-पिता हैं। उसका परिवार मूल रूप से खंडवा का रहने वाला है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved