
पटना: मोकामा से विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं. इस बार उन्होंने राजनीति नहीं, बल्कि अपने परिवार और बेटे के भविष्य को लेकर बड़ा बयान दिया है. दरअसल अनंत सिंह ने साफ कहा कि उनका सपना है कि उनका छोटा बेटा आईपीएस अधिकारी बने. वहीं उनके बेटे अभिनव सिंह ने भी पिता के इस सपने को पूरा करने का भरोसा दिया है.
दरअसल, पत्रकारों से बातचीत के दौरान अनंत सिंह ने अपने परिवार और बच्चों के भविष्य को लेकर खुलकर बात की. उन्होंने कहा कि उनके तीन बेटे हैं और वे चाहते हैं कि सभी अपने-अपने क्षेत्र में आगे बढ़ें. अनंत सिंह ने कहा कि उनके बड़े बेटे को राजनीति में ज्यादा रूचि है इसलिए वह चुनाव लड़ सकता है. हालांकि अनंत सिंह ने कहा कि उनके बेटे जनता के बीच जाएंगे, जनता की इच्छा होगी तो ही चुनाव लड़ेंगे. लेकिन छोटे बेटे को लेकर उनकी खास इच्छा है कि वह आईपीएस बने.
इस दौरान बगल में बैठे बेटे अभिनव सिंह से जब सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि अभी उन्होंने 12वीं की परीक्षा दी है और आगे उच्च शिक्षा हासिल करेंगे. अभिनव सिंह ने कहा, “पापा का सपना है कि मैं आईपीएस बनूं. मैं पूरी कोशिश करूंगा कि उनके इस सपने को पूरा कर सकूं।” उनके इस जवाब के बाद वहां मौजूद लोग भी काफी उत्साहित नजर आए. इसी बातचीत में अनंत सिंह ने दंगल आयोजन को लेकर भी अपनी खुशी जाहिर की और कहा कि बिहार में इस तरह के आयोजन होने चाहिए। उन्होंने सरकार से भी ऐसे आयोजनों को बढ़ावा देने की अपील की.
वहीं शराबबंदी कानून पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि इससे राज्य को नुकसान हुआ है और इसकी समीक्षा होनी चाहिए. शराबबंदी कानून को खत्म कर पहले जैसा नियम कर देना चाहिए. पहले जिस तरह शराब बेचने की व्यवस्था थी, वैसी सिस्टम फिर से लाना चाहिए. अनंत सिंह ने कहा कि फिर शराबबंदी के कारण सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है और बिहार के लोग सूखे नशे के शिकार हो रहे हैं. सूखा नशा (ड्रग्स) का चलन बढ़ गया है, जो ज्यादा खतरनाक है. हालांकि उन्होंने यह भी माना कि अगर सही तरीके से लागू किया जाए तो यह नीति अच्छी हो सकती है.
वहीं अनंत सिंह ने नीतीश कुमार के इस्तीफे पर कहा कि पार्टी के सभी नेता और कार्यकर्ता नीतीश कुमार के इस्तीफे से दुखी हैं. उन्होंने भावुक अंदाज में कहा, “वो हमारे नेता ही नहीं, बल्कि मालिक हैं. उनका जो भी फैसला होगा, हम सभी उसे मानेंगे.”उन्होंने यह भी जोड़ा कि नीतीश कुमार ने बिहार को नई दिशा दी है और उनके नेतृत्व में राज्य में काफी विकास हुआ है.
अनंत सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में बुनियादी ढांचे का तेजी से विकास हुआ है. सड़क और पुल-पुलिया का काम काफी हद तक पूरा हो चुका है. आगे की जरूरत है कि उद्योग और फैक्ट्रियों पर ध्यान दिया जाए, ताकि रोजगार के अवसर बढ़ें. उनका मानना है कि अब अगली सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती विकास कार्यों को आगे बढ़ाने और उन्हें सुरक्षित रखने की होगी.
बिहार के अगले मुख्यमंत्री को लेकर पूछे गए सवाल पर अनंत सिंह ने कहा कि यह फैसला पार्टी नेतृत्व करेगा. हालांकि उन्होंने दो नाम जरूर सामने रख दिए. अगर जेडीयू से मुख्यमंत्री बनता है तो निशांत कुमार को उन्होंने एक अच्छा और सक्षम विकल्प बताया. वहीं अगर भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री चुना जाता है तो सम्राट चौधरी को अनंत सिंह ने मजबूत दावेदार बताया.
अनंत सिंह ने विपक्ष पर भी जमकर हमला बोला. उन्होंने तेजस्वी यादव और आरजेडी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे “फालतू की बातें” करते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष बिना किसी ठोस मुद्दे के सिर्फ बयानबाजी कर रहा है, जबकि राज्य के विकास पर ध्यान देना ज्यादा जरूरी है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved