
पुरुलिया: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी पर बड़ा हमला बोला है. ममता बनर्जी ने रविवार को पुरुलिया में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि अगर राज्य में बीजेपी सत्ता में आई तो नॉन-वेज नहीं खाने देगी. मछली खाने पर बैन लगा दिया जाएगा. दूसरी नॉनवेज चीजों को भी बंद करा दिया जाएगा.
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि अगर बंगाल में BJP सत्ता में आई, तो वह ‘लक्ष्मी भंडार’ योजना बंद कर देगी. इसके अलावा अन्य योजनाओं को भी बंद कर देगी. ममता ने कहा कि बीजेपी बंगाल जीतने के लिए सभी तरह के प्रयास कर रही है. चुनाव से पहले SIR के जरिए 1.2 करोड़ वोटरों के नाम हटा दिए गए. ममता ने आरोप लगाया कि बीजेपी उन्हें और उनकी पार्टी के लोगों को हर तरह से परेशान कर रही है. इसके बाद भी बीजेपी बंगाल चुनाव हारेगी. इसके लिए बंगाल की जनता को एकजुट होना होगा. ममता ने कहा कि बंगाल के लोग बीजेपी को जवाब देंगे.
रैली को संबोधित करने से पहले ममता बनर्जी ने पुरुलिया में जैन मंदिर पहुंची और प्रार्थना की. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, मुझे पुरुलिया में जैन मंदिर जाने का सौभाग्य मिला, जहां मैंने इस धरती पर रहने वाली हर आत्मा के स्वास्थ्य, शांति और कल्याण के लिए प्रार्थना की. उन पवित्र क्षणों में, मेरे हृदय में सबसे ऊपर एक ही प्रार्थना थी कि बंगाल के लोग सुरक्षित और स्नेहपूर्ण हाथों में रहें; कि हम एकता, एकजुटता और समावेशिता के मार्ग पर मिलकर आगे बढ़ें. हर नागरिक के अधिकारों और गरिमा को सदैव बनाए रखा जाए और उनकी रक्षा की जाए.
ममता बनर्जी ने आगे लिखा, वहां एकत्रित समुदाय के साथ मेरी बातचीत अत्यंत समृद्ध और सार्थक रही. मुझे यह बताते हुए भी हर्ष हो रहा है कि हमारी सरकार ने एक ‘जैन मानस्तंभ’ की स्थापना की है और ‘न्यू टाउन’ में एक जैन मंदिर के निर्माण के लिए 5 एकड़ भूमि आवंटित की है. बंगाल को अपनी सबसे बड़ी शक्ति सदैव ‘विविधता में एकता’ के मंत्र से ही प्राप्त हुई है. हम इन आदर्शों को सदैव संजोकर रखेंगे.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved