
भोपाल। प्रदेश के रायसेन जिले के बाड़ी कस्बे में भोपाल-जबलपुर हाईवे पर स्थित ढाबा चर्चा में है। ढाबे पर अक्सर ही सेना की गाडिय़ां और ट्रक खड़े नजर आते हैं। ढाबा संचालक ने फौजियों के लिए खाना फ्री कर दिया हे। ढाबा संचालक अरविंद चौहान आर्मी में जाकर देश सेवा करना चाहता था, लेकिन जब सिलेक्शन नहीं हुआ तो ढाबा खोलकर फौजियों के लिए फ्री कर दिया। बाड़ी कस्बे के रहने वाले अरविंद चौहान ने बताया कि उनकी बचपन से इच्छा थी कि सेना में जाकर देश की रक्षा करें। कई बार प्रयास करने के बाद भी जब वे आर्मी में सिलेक्ट नहीं हुए तो फिर देशभक्ति की कसक मन में बनी रही। चार महीने पहले शुरू हुए इस ढाबे पर आए दिन फौजी भोजन करने पहुंचते हैं। पिता-पुत्र की देशभक्ति को देखकर फौजी भी उन्हें सलाम करके जाते हैं। अरविंद चौहान का कहना है कि हम माता-पिता और फौजी भाइयों का कर्ज कभी नहीं उतार सकते। माता-पिता हमें जन्म देते हैं लेकिन दुश्मनों से हमारी सुरक्षा फौजी करते हैं। इसी बात को ध्यान में रखते हुए मैंने अपने पिता के नाम से ढाबा शुरू किया। जबलपुर से आर्मी के कई वाहन आए दिन गुजरते हैं। एक दिन में आर्मी की पांच से आठ गाडिय़ां आती हैंं।
शाह के दौरे के दौरान सुर्खिया में आया
बीते दिनों भोपाल में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह का कार्यक्रम हुआ था। इस दौरान अरविंद के ढाबे पर आर्मी के आठ ट्रकों से कई सेना के जवान और अधिकारी पहुंचे। अरविन्द और उनके पिता पीएस चौहान ने पूरे स्टाफ के साथ फौजियों को प्रेम से भोजन कराया। जब बिल चुकाने की बारी आई तो ढाबे के संचालक पीएस चौहान ने बाहर लगे बोर्ड की तरफ इशारा करते हुए कहा कि ये ढाबा सैनिकों के लिए फ्री है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved