
इन्दौर। खाड़ी देशों में तनाव के बीच शहर और प्रदेश से होने वाले पर्यटन पर खासा असर हुआ है। इस तनाव का असर अब पर्यटन पर साफ दिखाई देने लगा है। गरमी की छुट्टियों में विदेश घूमने जाने वालों ने अपने टूर कैंसल कर दिए हैं, तो कई यूरोपियन देशों की बजाय एशियाई देशों के टूर पर निकल पड़े हैं, जिससे ट्रेवल ट्रेंड में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। इस बीच घरेलू पर्यटन को भी खासा फायदा हुआ है।
गर्मी की छट्टियों में शहर और प्रदेश से कई लोग अपने दोस्तों और परिवार के साथ इंटरनेशनल टूर प्लान करते हैं, लेकिन खाड़ी देशों में चल रहे तनाव ने इसपर असर डाला है। खाड़ी देशों और यूरोप होते हुए जाने वाले देशों का पर्यटन अब एशियाई देशों पर शिफ्ट हो गया है, लेकिन इससे पर्यटन में गिरावट देखी गई है। इंदौर ट्रेवल एक्टपट्र्स के मुताबिक, कोरोना काल के बाद ये पहली बार हुआ है, जब लोगों ने एकाएक अपने इंटरनेशनल टूर बड़ी संख्या में कैंसल करवा लिए हैं।
इसका कारण है कि कई देशों की कनेक्टिविटी खाड़ी देशों से हैं और यहां अब उड़ानों की अनियमितता से पर्यटक रिस्क नहीं लेना चाहते। हालांकि, पूरी तरह यात्रा से दूरी बनाने की बजाय लोगों ने विकल्प तलाश लिए हैं। ये लोग अब अपने एशियाई देशों को घूमने के लिए चुन लिया है। इन दिनों श्रीलंका सबसे पसंदीदा डेस्टिनेशन बनकर उभरा है, जहां प्रदेश ही नहीं, इंदौर शहर से भी इन दिनों कई पर्यटक घूमने के लिए गए हैं। इसके अलावा बुकिंग के लिए मलेशिया, सिंगापुर, थाईलैंड, हॉन्गकॉन्ग, वियतनाम और बाली के लिए भी पूछताछ और बुकिंग में तेजी आई है।
महंगी पड़ रही यात्रा, सीमित विकल्प
ट्रेवल एजेंट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के मप्र-छग के चेयरपर्सन हेमेंद्रसिंह जादौन ने बताया कि हर साल इस सीजन में यूरोपियन देशों में जाने वालों की प्रतिशत 35 से 40 फीसदी है। ये अधिकतर खाड़ी देशों से कनेक्टिविटी लेते हैं। मौजूदा हालात में वैकल्पिक रूट से यात्रा करनी पड़ रही है, जिससे खर्च बढ़ गया है, साथ ही अन्य फ्लाइट्स पर दबाव बढऩे से टिकट मिलना भी चुनौती बन गया है। ऐसे में घरेलू पर्यटन में उछाल आ गया है, जो अच्छा संकेत हैं।
घरेलू पर्यटन को मिला बड़ा फायदा
इंटरनेशनल टूर में गिरावट का सीधा फायदा घरेलू पर्यटन को मिला है। ट्रेवल एजेंट्स से मिली जानकारी के मुताबिक, आमतौर पर गर्मियों में लोग ठंडे प्रदेशों में घूमना जाना पसंद करते हैं, लेकिन इस बार राजस्थान के पर्यटन स्थालों, राष्ट्रीय उद्यानों और गोवा को भी पर्यटकों ने गर्मी की छुट्टी के लिए पसंद किया है। देशभर के राष्ट्रीय उद्यानों में पर्यटक हैं, वहीं महाराष्ट्र के हिल स्टेशनों को लेकर भी पर्यटकों ने रुचि दिखाई है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved