नई दिल्ली। प्रीमियम ईंधन इस्तेमाल (Premium Fuel) करने वालों को बड़ा झटका लगा है। Indian Oil Corporation (IOCL) ने प्रीमियम पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। राजधानी नई दिल्ली में 100 ऑक्टेन पेट्रोल (XP100) की कीमत 149 रुपये से बढ़ाकर 160 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है, जबकि प्रीमियम डीजल ‘एक्स्ट्रा ग्रीन’ 91.49 रुपये से बढ़कर 92.99 रुपये प्रति लीटर हो गया है।
नई दरें IOCL के आउटलेट्स पर लागू कर दी गई हैं। हालांकि सामान्य पेट्रोल और डीजल की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है, जिससे आम उपभोक्ताओं को कुछ राहत मिली है।
कंपनी ने आधिकारिक तौर पर कारण स्पष्ट नहीं किया है, लेकिन माना जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और ईरान–इजराइल तनाव के चलते बढ़ी लॉजिस्टिक्स लागत इसका कारण हो सकती है।
यह हाल के दिनों में दूसरी बार है जब प्रीमियम ईंधन महंगा हुआ है। इससे पहले 20 मार्च को सरकारी तेल कंपनियों ने प्रीमियम पेट्रोल के दाम 2 से 2.35 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ाए थे। इस बार कुछ श्रेणियों में कीमतें 1.50 रुपये से लेकर 11 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ी हैं।
प्रीमियम ईंधन महंगा होने से ट्रांसपोर्ट, लॉजिस्टिक्स और कृषि क्षेत्र से जुड़े लोगों की लागत बढ़ सकती है। हालांकि बेहतर माइलेज और इंजन परफॉर्मेंस के कारण इसका उपयोग जारी रहता है, लेकिन कीमत बढ़ने से मांग पर असर पड़ सकता है।
दिलचस्प बात यह है कि 27 मार्च को सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी 10-10 रुपये प्रति लीटर घटाई थी। इस कदम का मकसद तेल कंपनियों पर वित्तीय दबाव कम करना और सप्लाई बनाए रखना था।
सरकार ने साफ किया है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में उतार-चढ़ाव के बावजूद देश में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है। तेल कंपनियां कीमतों में बदलाव का कुछ हिस्सा खुद वहन कर रही हैं ताकि उपभोक्ताओं को अचानक बड़ा झटका न लगे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved